पप्पू यादव बोले- नीतीश की पसंद सम्राट, BJP की नहीं:BJP ऑफिस में ना जश्न मना ना बड़े नेता जुटे; नीतीश की मजबूरी का फायदा उठाया

सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सम्राट चौधरी के CM बनते ही सियासत गरमा गई है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि ‘सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाया गया, लेकिन बीजेपी कार्यालय में कोई जश्न नहीं दिखा। न पटाखे फूटे, न फूल-मालाएं आईं। इससे साफ होता है कि सम्राट चौधरी, बीजेपी के नहीं बल्कि नीतीश कुमार की पसंद के मुख्यमंत्री हैं।’ पप्पू यादव ने डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि ‘कमांडर के आदेश और गठबंधन धर्म की बात खुद बीजेपी के अंदरूनी मतभेद को उजागर करती है। ये संकेत है कि सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर पार्टी के अंदर पूरी सहमति नहीं थी।’ ‌‌BJP ने नीतीश की मजबूरी का फायदा उठाया पप्पू यादव ने कहा, बीजेपी ने नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को मुद्दा बनाकर उनकी मजबूरी का फायदा उठाया। ये राजनीतिक रूप से गलत कदम था और इससे गठबंधन की सच्चाई सामने आ गई है। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने खुद साफ तौर पर कहा कि उनके साथ धोखा हुआ है। भाजपा ने नीतीश कुमार की पीठ में खंजर भोंका है और आगे भी जदयू को कमजोर करने की कोशिश करेगी। उन्होंने दावा किया कि पूरे बिहार की जनता चाहती थी कि नीतीश कुमार कुछ और समय तक मुख्यमंत्री बने रहें। निशांत कुमार ने राजनीतिक परिपक्वता दिखाई निशांत कुमार के फैसले की सराहना करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने डिप्टी CM बनने का ऑफर ठुकराकर बड़ी राजनीतिक परिपक्वता दिखाई है। निशांत ने यह साबित कर दिया कि उनके लिए पद नहीं, बल्कि सिद्धांत ज्यादा मायने रखते हैं। जदयू के कई नेता उन्हें मनाने में लगे रहे, लेकिन उन्होंने परिवारवाद को बढ़ावा देने से साफ इनकार कर दिया। पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार का पूरा राजनीतिक जीवन संघर्ष से भरा रहा है और उन्होंने कभी परिवारवाद को आगे नहीं बढ़ाया। ऐसे में निशांत का यह फैसला उनके पिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने वाला है। सांसद ने निशांत कुमार के फैसले को भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस निर्णय से उनका राजनीतिक कद बढ़ा है और आने वाले समय में वे बिहार की राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बिहार की जनता की अपेक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि लोग अब जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास की राजनीति चाहते हैं। तेजस्वी बोले- सम्राट को अपनी प्रतिज्ञा पूरी करने पर बधाई तेजस्वी यादव ने X पर लिखा- श्री सम्राट चौधरी जी द्वारा आज इलेक्टेड मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करने पर बधाई तथा सिलेक्टेड मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है कि नए माननीय मुख्यमंत्री जी इस कड़वे, अप्रिय एवं कठोर तथ्य से पूर्ण रूप से अवगत होंगे कि 21 सालों के NDA शासन के बाद भी नीति आयोग के अधिकांश मानकों, सत्तत विकास के सभी सूचकांकों सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, ध्वस्त विधि व्यवस्था में बिहार राष्ट्रीय औसत से अत्यधिक कम और बहुत पीछे है। आशा है कि नए सिलेक्टेड मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी बिहार की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति, सौहार्द, सुरक्षा और सर्वांगीण सुधार के लिए संकल्पित होकर सशक्त तरीके से काम करेंगे तथा बाहरियों के दिशा निर्देशों के आगे बिहारियों के स्वाभिमान को गिरवी नहीं रखेंगे। प्रादुर्भाव से समाजवादी श्री सम्राट चौधरी जी को पुन: हार्दिक शुभकामनाएं। रोहिणी आचार्या ने X पर लिखा- घोर बेईज्जती.. चौबीस घंटे भी नहीं हुए और चाचा जी पोस्टर – विज्ञापन से भी गायब कर दिए गए… इस्तीफे के पहले तक, चाचा जी के बिदकने की आशंका में , चाचा जी को ये कह कर ताड़ पर चढ़ाया जा रहा था कि ‘बिहार चाचा जी के हिसाब से, उनकी ही छत्रछाया में चलाया जाएगा’, मगर इस्तीफा होते ही गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली जमात को चाचा जी की छाया व तस्वीर से भी ऐतराज हो गया .. चाचा जी आज जिस सिचुएशन में फंसे हैं, उसके लिए ही कहा गया है ” दुविधा में दोनों गए, माया मिली न राम” ..।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *