हिमाचल प्रदेश में सिरमौर के शिलाई में जोड़ीदारा प्रथा के लिए चर्चित कपिल नेगी और प्रदीप नेगी के घर खुशियां आई हैं। उनकी पत्नी सुनीता नेगी ने एक बेटी को जन्म दिया है। प्रदीप नेगी ने अपनी पत्नी व बेटी के साथ फोटो लेकर खुद ये जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की। बेटी के जन्म के वक्त दूसरा भाई कपिल नेगी बहरीन में है। जुलाई 2025 में जोड़ीदार भाइयों की सुनीता से हुई शादी देशभर में सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी थी। अब इस विवाह से हुई पहली संतान का जन्म भी सुर्खियों में है। बुधवार को इस चर्चित जोड़ीदार दंपति के घर बेटी का जन्म हुआ। सोशल मीडिया पर खबर सामने आने के बाद कई लोगों ने इसे ‘घर आई है लक्ष्मी’ कहकर खुशी जाहिर की है। बेटी के जन्म पर प्रदीप और कपिल ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा- आज का दिन उनकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत और यादगार बन गया है। उनकी छोटी सी दुनिया में एक नन्हा मेहमान आया है, जिसने उनके घर और दिलों को खुशियों से भर दिया है। उन्होंने लिखा कि देवी-देवताओं और बुजुर्गों के आशीर्वाद से उन्हें माता-पिता बनने का सौभाग्य मिला है। यह एहसास शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है, क्योंकि अब उनकी दुनिया बदल गई है। उन्होंने आगे लिखा- अब तक जो जिंदगी वे अपने लिए जी रहे थे, अब वह नई जिम्मेदारियों, नए सपनों और नई खुशियों के साथ आगे बढ़ेगी। इस नन्हे मेहमान के आने से उनका घर हंसी, प्यार और खुशियों से भर गया है। उन्होंने ईश्वर से बच्चे के स्वस्थ, खुश और सुरक्षित रहने की कामना की है। सिरमौर में अभी भी बहुपति प्रथा प्रचलित सिरमौर जिले के गिरीपार क्षेत्र में वर्षों से बहुपति प्रथा प्रचलित हैं। गिरीपार क्षेत्र में अभी भी इस तरह के विवाह होते रहे है, लेकिन ऐसी शादियों की समाज में ज्यादा चर्चा नहीं होती थी। मगर बीते साल प्रदीप और कपिल ने 11 से 13 जुलाई के बीच धूमधाम से शादी रचाई। तीन दिन चले शादी समारोह में लगभग 1500 मेहमान शामिल हुए। इस शादी ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटौरी। दोनों दुल्हे और दुल्हन खुलकर मीडिया के सामने आए और अपनी परंपरा को जीवित रखने पर गर्व महसूस किया। बहुपति शादी में समाज का नियम… जब कोई लड़की बहुपति शादी करती है तो उसकी शादी दूल्हों में जो बड़ा भाई होगा, उसके नाम से कानून में पंजीकृत की जाती है। कानूनी रूप से छोटा भाई पति नहीं माना जाता। इसके अलावा शादी के बाद जब महिला किसी बच्चे को जन्म देती है तो उसका पहला बच्चा भी बड़े भाई का बच्चा कहलाता है। सरकारी कागजातों में बच्चे के पिता का नाम भाइयों में बड़े के नाम से ही लिखा जाएगा। वहीं, जब महिला दूसरे बच्चे को जन्म देगी, तो उसका नामकरण भाइयों में छोटे के नाम से होगा। प्रदीप जल शक्ति विभाग और कपिल विदेश में करता है नौकरी प्रदीप नेगी जलशक्ति विभाग में कार्यरत हैं, जबकि कपिल नेगी विदेश (बहरीन) में नौकरी करते हैं। सुनीता नेगी गृहिणी हैं। बहुपति प्रथा के पीछे यह तर्क दिया जाता है कि यह परंपरा संपत्ति के विभाजन को रोकने, संयुक्त परिवार को बनाए रखने और भाइयों के बीच आपसी प्रेम व विश्वास को बढ़ाने के लिए अपनाई जाती है। हाटी समुदाय में इसे “जोड़ीदारा” कहा जाता है, जिसमें पत्नी दोनों भाइयों के साथ साझा रूप से वैवाहिक जीवन निभाती है।