पंचकूला पुलिस ने ₹2.02 करोड़ के नशीले पदार्थ नष्ट किए:उच्च तापमान वाली विशेष भट्टी में जलाया; 75 मामलों में किए थे जब्त

हरियाणा के पंचकूला में वीरवार को पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज की निगरानी में लगभग दो करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया। सभी नशीले पदार्थ एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2022 से 2024 के बीच दर्ज 75 अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए थे। जिनका आज कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सुरक्षित निपटान किया गया। नष्ट किए गए पदार्थों में 800 ग्राम हेरोइन, 10.3 किलोग्राम गांजा, 1.5 किलोग्राम चरस, 76.6 किलोग्राम चूरा पोस्त, 24.5 किलोग्राम अफीम के पौधे, 2.6 किलोग्राम अफीम तथा 1342 नशीली गोलियां व कैप्सूल शामिल हैं, जिनका कुल मिलाकर अनुमानित बाजार मूल्य 2,02,83,511 रुपए आंका गया है। ऐसे किया गया निपटान पंचकूला पुलिस के द्वारा बागवाला स्थित हाईजीन फैक्ट्री में उच्च तापमान वाली विशेष भट्टी में किया गया, ताकि नशीले पदार्थों का पूर्णतः नष्टकरण सुनिश्चित हो सके और इनके पुनः उपयोग की कोई संभावना न रहे। इस दौरान डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता, डीसीपी स्टेट क्राइम रजनीश, एसीपी अजीत सिंह, एमएमजे ई/एएसआई टेकचंद, मौली चौकी सब-इंस्पेक्टर रामकरण सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी, कर्मचारी व गांव के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर पारदर्शिता सुनिश्चित की। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ यह कार्रवाई एक सशक्त कदम है और पंचकूला पुलिस भविष्य में भी इसी तरह सख्ती और निरंतरता के साथ नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *