सोनीपत जिले के एक गांव में 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के चलते दोस्तों ने ही युवक पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले हुए विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं युवक को खानुपर मेडिकल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को खानपुर मेडिकल में पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमों का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि जल्दी ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करेगी। किस्त वसूली का करता था काम गोहाना के गांव दोदवा के रहने वाले युवक की पहचान 23 वर्षीय युद्धवीर के रूप में हुई है, जो एक प्राइवेट बैंक के साथ जुड़ा हुआ था। वह उन वाहनों को पकड़ने का काम करता था, जिनकी किस्तें समय पर जमा नहीं होती थीं। परिवार के अनुसार वह मेहनती और जिम्मेदार युवक था, जो रोज की तरह अपने काम से घर लौट रहा था। चार-पांच दिन पहले हुआ था विवाद जानकारी के अनुसार, गांव के ही निक्की नामक युवक के साथ चार-पांच दिन पहले युद्धवीर की कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस भी इस एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम युद्धवीर पिनाना से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के नजदीक पंचायत भवन के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे निक्की और उसके एक साथी ने उसे रोक लिया। जान बचाने के लिए खेतों में भागा हमले के दौरान युद्धवीर ने खुद को बचाने की कोशिश की और खेतों की तरफ भाग गया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। आरोप है कि उन्होंने पेचकश से उस पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घायल अवस्था में उसे तुरंत बीपीएस मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।