बटाला में ₹176.91 करोड़ के प्रोजेक्टों का उद्धघाटन:भगवंत मान बोले- AAP विकास की बात करती है, अकाली दल डायनासोर की

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को बटाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 176.91 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम बटाला के अधीन 95.72 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब मंडी बोर्ड के अधीन 16.10 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों की भी शुरुआत की। वहीं मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधीन 65.09 करोड़ की राशि से बनने वाली सड़कों का नींव पत्थर रखा। विपक्ष पर साधा निशाना इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आने से पहले अकाली दल और कांग्रेस के लोग 5-5 साल बारी-बारी राज करते थे। एक बार जीत जाते थे, उसके बाद अपने घरों को अंदर से लॉक कर लेते थे, बाहर नहीं निकलते थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखबीर बादल जीतने के बाद अपने घरों में ही रहते थे। घर से ही आदेश जारी किए जाते थे कि केवल जानकारों और रिश्तेदारों के ही काम होने चाहिए। लोगों से उनका कोई मतलब नहीं रहता था। हमारी पार्टी ने लोगों के लिए ही काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की स्टेजों से सड़कें बनाने, आम आदमी क्लीनिक, टोल प्लाजा बंद करने, माताओं बहनों के घरों में 1-1 हजार पहुंचाने की बातें होती हैं। लेकिन, अकाली दल की स्टेज से डायनासोर के गले में संगल डालने जैसी बातें होती हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह सब एक-दूसरे की टांगें खींच रहे हैं और हाईकमान से एक-दूसरे की शिकायतें करने की बातें होती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस के लोगों की स्टेजों पर लोगों की बात नहीं की जाती। वह लोगों में जाते ही नहीं हैं। उनको पंजाब के लोग पसंद नहीं है। आम लोगों को कीड़े मकौड़े समझते हैं वह आम लोगों से हाथ नहीं मिलाते। अगर गलती से किसी से हाथ मिलाना पड़ जाए तो गाड़ी में बैठते ही सैनिटाइजर से हाथ साफ करते हैं, ताकि कोई बीमारी ना लग जाए। ये नेता आम लोगों को कीड़े मकौड़े समझते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लीडरों की गर्दन अब पंजाब के लोगों के हाथों में है। रणजीत बावा ने पेश किया रंगारंग कार्यक्रम
मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और कैबिनेट मंत्री लाल चंद पहुंचे। वहीं, पंजाबी गायक रणजीत बावा ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया। इस दौरान, बटाला विधायक एवं आप के एक्टिंग प्रधान अमनशेर सिंह शैरी कलसी ने कहा कि पंजाब के लोगों के लिए मान सरकार ने जो काम किया वो कोई सरकार नहीं कर पाई। विपक्ष ने लोगों को बहकाया- सीएम सीएम ने कहा कि विपक्ष ने लोगों को बहकाया कि महिलाओं को 1 हजार नहीं मिलेगा। लेकिन, मान सरकार ने वो वायदा भी पूरा किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान किए सारे वायदों को पूरा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *