चंडीगढ़ जिला कोर्ट आने वाले लोगों और वकीलों को जल्द ही पार्किंग की बड़ी समस्या से राहत मिलने वाली है। सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत के पास बनाई गई मल्टीलेवल पार्किंग अगले महीने शुरू होने की संभावना है। करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिलहाल इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अनुसार, पार्किंग का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस पार्किंग के शुरू होने से अदालत आने वाले हजारों लोगों को गाड़ी खड़ी करने में होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी। रोजाना हजारों लोग आते हैं कोर्ट सेक्टर-43 स्थित जिला कोर्ट में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने मामलों के सिलसिले में पहुंचते हैं। इसके अलावा सैकड़ों वकील भी यहां नियमित रूप से काम करते हैं। मौजूदा समय में पार्किंग की सीमित व्यवस्था होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यह प्रोजेक्ट करीब चार साल पहले जिला कोर्ट और चंडीगढ़ ज्यूडिशियल एकेडमी के बीच खाली पड़ी करीब साढ़े चार एकड़ जमीन पर शुरू किया गया था। लंबे समय से निर्माण कार्य चलने के बाद अब यह अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। चार मंजिलों पर बनेगी पार्किंग सुविधा मल्टीलेवल पार्किंग बेसमेंट समेत चार मंजिलों की होगी, जहां करीब 1500 गाड़ियां एक साथ खड़ी की जा सकेंगी। इसके शुरू होने के बाद आसपास की सड़कों पर लगने वाला जाम भी कम होने की उम्मीद है। अभी तक जिला अदालत परिसर में वकीलों के लिए सीमित पार्किंग सुविधा उपलब्ध है, जो जरूरत के मुकाबले काफी कम है। इस कारण आम लोगों और वकीलों दोनों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। नई पार्किंग शुरू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। 2022 में हुआ था शिलान्यास इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास 30 जुलाई 2022 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा किया गया था। अब इसके पूरा होने के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और अदालत परिसर के आसपास की स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।