फतेहगढ़ साहिब के सांसद डॉ. अमर सिंह ने केंद्र सरकार से पंजाब में गेहूं की खरीद तुरंत शुरू करने और खरीद नियमों में ढील देने की अपील की है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी को पत्र लिखकर पंजाब के किसानों की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया है और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद डॉ. अमर सिंह ने बताया कि मार्च और अप्रैल की शुरुआत में हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण पंजाब में खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इसका सीधा असर अब मंडियों में दिखाई दे रहा है, जहां किसान अपनी फसल लेकर बैठे हैं, लेकिन खरीद एजेंसियां निर्धारित मानकों के कारण खरीद नहीं कर रही हैं। खरीद मानकों में ढील न देने से फसल खरीदने से इनकार डॉ. अमर सिंह के अनुसार, मौसम की मार झेलने के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा नमी और दाने के सिकुड़ने जैसे खरीद मानकों में कोई ढील नहीं दी गई है। इसके परिणामस्वरूप, किसानों की फसल तय मानकों पर खरी नहीं उतर रही है और उसे खरीदने से इनकार किया जा रहा है। किसान लगातार झेल रहे हैं नुकसान उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछले साल पंजाब में आई भीषण बाढ़ ने लाखों एकड़ फसलों को तबाह कर दिया था। जहां धान की फसल कुछ हद तक बची भी थी, वहां उत्पादन काफी कम रहा। इस प्रकार, पंजाब के किसान गेहूं और धान दोनों सीजन में लगातार नुकसान का सामना कर रहे हैं। खरीद नियमों में राहत देने की अपील सांसद ने केंद्र सरकार से मौजूदा गंभीर हालात को देखते हुए तुरंत खरीद नियमों में राहत देने और संबंधित एजेंसियों को मंडियों में पड़ी फसल की खरीद शुरू करने के निर्देश जारी करने की जोरदार अपील की है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा, जिसका सीधा असर पंजाब की कृषि अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा।