भीषण गर्मी में लाइन में लगे, थके तो जमीन पर ही बैठ गए

लुधियाना| जिले में 100 से अधिक नए आम आदमी पिंड क्लीनिक खोलने की तैयारी चल रही है, लेकिन इसके लिए जारी भर्ती प्रक्रिया अव्यवस्था की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय में स्टाफ नर्स के पदों के लिए 800 से अधिक आवेदक पहुंचे, जिससे परिसर में काफी भीड़ रही। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद सेहत विभाग की ओर से उम्मीदवारों के लिए छाया के पर्याप्त इंतजाम नहीं दिखे। आवेदकों ने बताया कि वे सुबह से कतारों में लगे हैं, लेकिन दोपहर बाद तक भी नंबर नहीं आया। भर्ती प्रक्रिया बेहद धीमी गति से चल रही है। यूसीएचसी केंद्रों पर भी स्थिति खराब रही, जहां पंखे न चलने के कारण उम्मीदवार जमीन पर बैठने को मजबूर हुए। बैठने के लिए कोई अलग से व्यवस्था नहीं थी। हालांकि विभाग की तरफ से पानी की व्यवस्था जरूर की गई थी। उम्मीदवारों के साथ आए परिजन भी पेड़ की छांव तलाशते नजर आए। भारी संख्या में पहुंचे युवाओं ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी भर्ती के लिए उचित प्रबंधन होना चाहिए था ताकि इस तेज धूप में किसी को परेशानी न हो। फिलहाल, विभाग की सुस्त चाल और गर्मी ने आवेदकों की परीक्षा को और कठिन बना दिया है। इस संबंध में सिविल सर्जन रमनदीप कौर को फोन किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *