पानीपत में उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक 23 वर्षीय विवाहिता ने गांव नवादा-आर के एक युवक पर ब्लैकमेलिंग, नशीला पदार्थ पिलाकर रेप करने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि युवक ने अश्लील वीडियो के नाम पर पीड़िता को कई महीनों तक मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कॉल रिकॉर्डिंग के नाम पर बिछाया जाल पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक उसका दूर का रिश्तेदार है। वह फोन पर उससे बातें करता था, जिसका पति ने विरोध किया। जब महिला ने बात करना बंद किया, तो आरोपी ने पुरानी कॉल रिकॉर्डिंग उसके पति को सुनाने की धमकी दी। रिकॉर्डिंग डिलीट करने के बहाने दिसंबर 2025 में आरोपी ने उसे सनौली के एक होटल में बुलाया। नशीला पदार्थ पिलाकर बनाई अश्लील वीडियो शिकायत के अनुसार, होटल में आरोपी ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ रेप किया और इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर उसे बार-बार सनौली और आसपास के क्षेत्रों में बुलाकर गलत काम करता रहा। चाकू की नोक पर रेप और मारपीट पीड़िता का आरोप है कि जब उसने वीडियो डिलीट करने की जिद की, तो आरोपी उसे फरीदपुर के पास ले गया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए जबरदस्ती की। 2 अप्रैल 2026 को आरोपी उसे अपने खेत में बने कोठे पर ले गया, जहां अश्लील वीडियो मांगने पर आरोपी ने उसे डंडों से बुरी तरह पीटा और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। कोर्ट में खाली कागजों पर कराए हस्ताक्षर महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे जबरदस्ती पानीपत कोर्ट ले गया और वहां डरा-धमका कर कई कोरे कागजों पर उसके हस्ताक्षर करवा लिए, ताकि वह कानूनी कार्रवाई न कर सके। परेशान होकर पीड़िता ने अब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।