सिवान में बाबा महेंद्र नाथ हॉल्ट के पास आज दोपहर करीब 12 बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक 30 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। युवती की पहचान सिसवन प्रखंड के चैनपुर थाना क्षेत्र रामगढ़ निवासी मिथिलेश पांडे की पत्नी के रूप में हुई है। मृतका शंभू पांडे के पुत्र मिथिलेश पांडे की पत्नी थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचित किया। रसूलपुर थाना अध्यक्ष प्रिंस कुमार ने चैनपुर थाना अध्यक्ष विजय रंजन को घटना की सूचना दी। इसके बाद चैनपुर थाना अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस दौरान युवती के मायके वाले, जिनमें मांझी थाना के मोहम्मदपुर ग्राम निवासी पिता मनजीत तिवारी, भाई धनेश तिवारी, और ग्रामीण श्यामू ओझा, नारायण तिवारी, बिन्नू तिवारी आदि उपस्थित थे। थाना अध्यक्ष ने बताया कि परिजनों को सूचित करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सिवान भेज दिया गया है। पुलिस को अभी तक इस संबंध में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। थाना अध्यक्ष के अनुसार, मृत्यु का कारण जल्द ही स्पष्ट हो जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।