करनाल में कार की टक्कर से युवक की मौत:भाई घायल, बाइक पर ड्यूटी से घर लौट रहे थे, ड्राइवर फरार

करनाल जिले के कुंजपुरा थाना क्षेत्र में भारती डेयरी मुगल माजरा के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों भाई ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी नीलगाय से जा टकराई। पुलिस ने मामले में कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे दोनों भाई गांव जड़ोली के दीपक पुत्र ऋषिपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका बड़ा भाई अंकित दोनों अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। दीपक मैग्नस दवाइयों की फैक्ट्री में कार्यरत है, जबकि अंकित भारत इंजीनियरिंग कंपनी में नौकरी करता था। दोनों रोजाना एक ही मोटरसाइकिल पर ड्यूटी के लिए जाते और वापस घर लौटते थे। मुगल माजरा के पास हुआ हादसा कल शाम करीब 7:50 से 8:30 बजे के बीच दोनों भाई अपनी मोटरसाइकिल पर ड्यूटी खत्म कर जड़ोली लौट रहे थे। जब वे भारती डेयरी मुगल माजरा के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार चालक ने उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। नीलगाय से टकराने पर बिगड़ा संतुलन टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर खड़ी नीलगाय से जा टकराई। उस समय बाइक अंकित चला रहा था और दीपक पीछे बैठा था। जोरदार टक्कर के कारण दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। कार ड्राइवर मौके से फरार दीपक के अनुसार हादसे के बाद कार ड्राइवर कुछ देर के लिए मौके पर रुका। इसी दौरान उसने कार का नंबर नोट कर लिया। उसने ड्राइवर को देखा भी, लेकिन मौके पर भीड़ जुटने के बाद आरोपी ड्राइवर डरकर अपनी कार समेत वहां से फरार हो गया। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल घटना के बाद राहगीरों ने दोनों भाइयों को इलाज के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद दोनों को श्री हरि अस्पताल करनाल ले जाया गया। डॉक्टर ने अंकित को मृत घोषित किया श्री हरि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक का इलाज जारी है। दीपक ने बताया कि उसके भाई की मौत और उसे आई चोटें कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुई हैं। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जुटाए सबूत सूचना मिलने पर पुलिस टीम श्री हरि अस्पताल पहुंची। अस्पताल में ही दीपक ने अपनी लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। कुंजपुरा थाना में मामले की जांच प्रवीन कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार ड्राइवर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *