भास्कर न्यूज |लुधियाना बाजवा नगर में सोमवार रात करीब 9 बजे एक खाली बिल्डिंग में लगी भीषण आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। गली नंबर-2 स्थित बिल्डिंग से अचानक उठी ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गलियों के कारण शुरुआत में राहत कार्य में दिक्कत आई। इसके बावजूद फायर कर्मियों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और आसपास की इमारतों को चपेट में आने से बचा लिया। गनीमत रही कि बिल्डिंग खाली होने के कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही विधायक अशोक पराशर पम्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।