करनाल जिले के गांव गोंदर में सूरज हत्याकांड को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एससी समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में एससी समाज के लोग जिला सचिवालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक केस दर्ज नहीं होता और संबंधित महिला सार्वजनिक माफी नहीं मांगती, तब तक वे सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे रहेंगे। सचिवालय के बाहर डटे प्रदर्शनकारी मंगलवार को एससी समाज के लोग एकजुट होकर करनाल के जिला सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह की टिप्पणियां पूरे समाज का अपमान हैं और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत एफआईआर दर्ज करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। भीड़ में शामिल लोगों की टिप्पणियां निसिंग निवासी जसबीर कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं। उन्होंने बताया कि बीती 19 अप्रैल को गांव गोंदर में सूरज की हत्या के मामले में कार्रवाई को लेकर उसके परिवार के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने एससी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की। कुलदीप राणा पर भड़काऊ बयान देने का आरोप शिकायत के अनुसार, गांव गोंदर के कुलदीप राणा ने भीड़ के बीच एससी समाज को निशाना बनाते हुए कहा कि “हमने चूड़ियां नहीं पहन रखी, हम भी राजपूत हैं और पूरे गांव को खाली करवाने का दम रखते हैं। आरोप है कि उसने एससी समाज को नीचा दिखाने के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया और माहौल को भड़काने की कोशिश की। महिलाओं के खिलाफ की टिप्पणी करनाल में एडवोकेट सोनिया तंवर के अनुसार, उसी भीड़ में गोंदर निवासी रानी देवी ने भी एससी समाज की महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की। आरोप है कि उसने महिलाओं को निशाना बनाते हुए अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्द कहे, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। लोगों को गाली देते हुए दी धमकी शिकायत में कहा कि अजय उर्फ वासू पुत्र उदय सिंह निवासी गोंदर ने भीड़ में एससी समाज के लोगों को गाली देते हुए धमकी दी। आरोप है कि उसने हिंसा भड़काने और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसके अलावा 2-3 अन्य लोगों पर भी जान से मारने और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। आंदोलन तेज करने की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी, कि अगर आरोपियों के खिलाफ जल्द मामला दर्ज नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।