पीएसपीसीएल की योजना, शिकायत निपटाने पर कर्मियों को मिलेगा इनाम

भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब राज्य पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के तेजी से निपटारे के लिए एक नई प्रोत्साहन योजना शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत जो कर्मचारी मोबाइल एप (अनुप्रयोग) के माध्यम से सबसे अधिक शिकायतों का समाधान करेंगे, उन्हें विभाग द्वारा नकद राशि और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसी कड़ी में मुख्य अभियंता जगदेव हंस ने बेहतर कार्य करने वाले दो कर्मचारियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए। इन दो कर्मचारियों ने किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन….. मार्च 2026 के आंकड़ों के अनुसार, दो कर्मचारियों को उनकी कार्यकुशलता के लिए चुना गया है। सुमित कुमार (सहायक लाइनमैन) सुंदर नगर (विशेष) उप-मंडल में कार्यरत सुमित को कुल 170 शिकायतें सौंपी गई थीं। उन्होंने इनमें से 161 शिकायतों (94.71 प्रतिशत) का निपटारा मोबाइल एप के माध्यम से किया। उनका औसतन समाधान समय मात्र 104.7 मिनट रहा। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 3100 रुपए का नकद इनाम दिया गया। मनदीप सिंह (सहायक लाइनमैन): मॉडल टाउन (विशेष) मंडल के मनदीप सिंह ने कुल 374 शिकायतों में से 346 का सफलतापूर्वक निपटारा (92.51 प्रतिशत) किया। उनका शिकायतों को सुलझाने का औसतन समय 178.66 मिनट रहा। उन्हें 1100 रुपए के नकद पुरस्कार से नवाजा गया।मुख्य अभियंता जगदेव हंस ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाना और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है। मोबाइल एप के उपयोग से शिकायतों के बंद होने की जानकारी तुरंत दर्ज होती है, जिससे कार्यप्रणाली में स्पष्टता रहती है। नकद पुरस्कार की इस प्रतिस्पर्धा के कारण कर्मचारी कम से कम समय में बिजली संबंधी समस्याओं को हल करने का प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *