लुधियाना | लुधियाना के बीसीएम स्कूल, बसंत एवेन्यू, दुगरी रोड की कक्षा 10 की छात्रा जैस्मीन तिवारी का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम युविका- 2026 के लिए चयन हुआ है। स्कूल प्रबंधन ने इसे संस्थान के लिए उपलब्धि बताते हुए छात्रा को बधाई दी। स्कूल के अनुसार युविका एक चयन-आधारित कार्यक्रम है, जिसमें चुने गए छात्रों को दो सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़ी बुनियादी अवधारणाओं के साथ प्रयोगात्मक गतिविधियों का परिचय कराया जाता है। जैस्मीन तिवारी 10 मई से 22 मई 2026 तक जोधपुर स्थित रीजनल रिमोट सेंसिंग सेंटर में प्रशिक्षण लेंगी। कार्यक्रम में उन्हें वैज्ञानिकों के साथ संवाद, प्रयोगशालाओं का अवलोकन और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जैस्मीन तिवारी ने कहा कि इससे उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान को और गहराई से समझने का मौका मिलेगा। स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. वंदना शाही और शिक्षा निदेशक अमिताभ घोष ने उन्हें बधाई दी।