‘जो कहा वो किया’, पटना में लगे नीतीश के पोस्टर:श्रवण कुमार बोले- हंसते-हंसते सम्राट फ्लोर टेस्ट पास करेंगे; नेताओं के साथ निशांत की बैठक

नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने के बाद उनके कामों को लेकर पटना में पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान हुए विकास कार्यों को बताया गया है। खासतौर पर महिलाओं के उत्थान, सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता दी गई है। पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में लिखा है— “जो कहा… वो किया”, जिसके जरिए नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। य सम्राट सरकार में भी नीतीश के काम पर जोर राज्य में वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं, लेकिन पोस्टरों में विकास कार्यों का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया जा रहा है। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि इन पोस्टरों के जरिए जनता के बीच यह संदेश देने की कोशिश है कि बिहार के विकास की मजबूत पहचान अब भी नीतीश कुमार के नाम से जुड़ी हुई है। हंसते-हंसते फ्लोर टेस्ट पास करेंगे CM सम्राटः श्रवण कुमार बिहार में बनी नई सम्राट सरकार को कल बहुमत पेश करना है। इसे लेकर जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा, ‘एक तरफ 202 है और एक तरफ 35। सम्राट सरकार को बहुमत हंसते-हंसते मिलेगा।’ क्रॉस वोटिंग पर श्रवण कुमार ने कहा, ‘उनसे पूछिए कि वो क्या करेंगे।’ वहीं प. बंगाल और तमिलनाडु के चुनाव पर उन्होंने कहा, वर्तमान सरकार हताश और निराश है। चुनाव में बदलाव होगा और एनडीए की सरकार बनेगी। वोटिंग में बमबाजी को लेकर कहा, जो हताश और निराश हैं, वो इस तरह गुंडागर्दी का सहारा ले रहे हैं। उनके नापाक इरादे कभी कामयाब नहीं होंगे। तेजस्वी यादव पर डिप्टी सीएम का पलटवार डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव से जब सवाल किया गया कि तेजस्वी कह रहे हैं कि बिहार में अपराधी सम्राट हो गए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि, अपने क्या हैं वो, उनसे पूछिए कि वो खुद क्या हैं। तेजस्वी यादव के लॉ एंड ऑर्डर पर उठाए गए सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा, ‘बिहार की जनता ने उन्हें खारिज कर दिया है। उनके माता-पिता के समय बिहार जंगलराज के दौर से गुजरा है। उनको ऐसी बात नहीं करना चाहिए।’ निशांत कुमार आज फिर पहुंचेंगे जदयू कार्यालय निशांत कुमार जल्द ही अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। उनकी यह यात्रा पश्चिमी चंपारण से शुरू होगी। यात्रा शुरू होने से पहले निशांत कुमार लगातार जदयू कार्यालय पहुंच रहे हैं और अलग-अलग जिलों से आने वाले नेताओं -कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। बैठकों में पार्टी को आगे मजबूत करने, आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हो रही है। पार्टी नेताओं के साथ वे संगठन को और सक्रिय बनाने को लेकर भी मंथन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज भी निशांत कुमार दोपहर 3 बजे जदयू कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *