यमुनानगर शहर के विश्वकर्मा मोहल्ला में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने उसे घेरकर बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सूए से हमला किया। हमलावरों ने उसके सिर, कमर और छाती में सूआ घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, घायल की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस ने पीड़ित के भतीजे की शिकायत पर आरोपी पाला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रात को काम से लौटते समय युवकों ने घेरा अरुण कुमार निवासी विश्वकर्मा मोहल्ला ने बताया कि वह ऑटो रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करता है। उसका 55 वर्षीय चाचा कुलदीप कुमार, जो अविवाहित है, उसके साथ ही रहता है और पेंटर का काम करता है। अरुण के अनुसार, जब उसका चाचा रात को काम से लौट रहा था, तो विश्वकर्मा मोहल्ला की गली नंबर-2 के पास 3-4 युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सूए से उस पर कई वार किए। एक वार सिर पर, एक कमर पर और एक छाती पर किया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। सिर में सुआ घोंपने से हालत गंभीर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसके चाचा को अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलत ही वह मौके पर पहुंचा और चाचा को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर आया, जहां पर उनकी हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हमले के दौरान सिर में सूआ लगने से उसके चाचा को गंभीर चोट आई है और वह अब तक पूरी तरह होश में नहीं आ पाए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि हमलावरों में से एक युवक का नाम पाला है, जो घटना के बाद भी उनकी गली में सूआ लेकर घूम रहा है। इससे उसे और उसके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। रंजिश के चलते किया हमला, केस दर्ज अरुण ने बताया कि पाला का पहले उसके जीजा के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें बीच-बचाव करने के लिए उसका चाचा कुलदीप गया था। उसे शक है कि उसी रंजिश के चलते पाला ने उसके चाचा पर हमला किया। वहीं यमुनानगर सिटी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पाला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।