नूंह में बुलडोजर कार्रवाई से भड़के रेहड़ी संचालक:अधिकारियों से हुई तीखी नोकझोंक, बोले-सामान हटाने का समय नहीं दिया

नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका स्थित अंबेडकर चौक पर गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रशासनिक टीम और रेहड़ी-पटरी संचालकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। शहर के सबसे व्यस्त चौराहे पर जैसे ही बुलडोजर कार्रवाई के लिए पहुंचा, कई रेहड़ी वालों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई। एसडीएम लक्ष्मी नारायण के नेतृत्व में नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सड़क किनारे लगे अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। दुकानदार बोले-सामान हटाने का टाइम नहीं दिया कार्रवाई के दौरान कई रेहड़ी संचालक अधिकारियों से उलझते दिखे। कुछ ने अपनी रोजी-रोटी का हवाला देते हुए अचानक हुई कार्रवाई से नुकसान की बात कही। वहीं, कुछ ने आरोप लगाया कि उन्हें हटने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान अचानक नहीं चलाया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार नोटिस, मुनादी और समझाइश दी जा रही थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। हालात तनावपूर्ण हो गए और बहस तेज हुई मौके पर कुछ देर के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए और बहस तेज हो गई। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और किसी बड़े विवाद को टाल दिया।इसके बाद प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए सड़क किनारे लगी रेहड़ियों और अस्थायी दुकानों को एक-एक कर हटाना शुरू किया। अंततः चौक से अतिक्रमण हटाकर रास्ता साफ कराया गया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सड़क पर अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को जाम से राहत दिलाने वाला कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *