जमुई में 2 बाइक की टक्कर, एक की मौत:3 घायल सदर अस्पताल में भर्ती, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क किया जाम

जमुई के खैरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम बड़ीबाग-खैरा मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। यह घटना शुक्रवार देर शाम करीब 8 बजे गोसाईडीह के पास हुई। मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के बेला पंचायत स्थित जोरवाहा धर्मपुर गांव निवासी संजय रावत के रूप में हुई है। संजय रावत कुछ अन्य लोगों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। घायलों को सदर अस्पताल किया गया रेफर दोनों बाइकों पर कुल चार लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया। इस हादसे में संजय रावत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा पहुंचाया गया। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क किया जाम घटना के बाद मृतक के परिजन और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने जाम हटाने के लिए पहले लोगों को समझाने का प्रयास किया। जब ग्रामीण नहीं माने, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प भी हुई। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है। खैरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *