लव मैरिज के करीब एक महीने बाद युवती की बोरे में बंद लाश मिली है। वो एक हफ्ते से लापता थी। शुक्रवार की शाम सारण और सीवान जिले के सीमावर्ती इलाके में बोरे से क्षत-विक्षत स्थिति में शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र निवासी आराध्या कुमारी (23) के रूप में हुई है। आराध्या कुमारी छपरा शहर के उत्तरी दहियावां इलाके में किराए के मकान में रहती थीं। कोस्टल ब्रिज स्कूल में शिक्षिका थीं। उसने 13 मार्च 2026 को अपने मौसेरे भाई दीपक साह से लव मैरिज की थी। परिवार ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना जुर्म कबूल किया है। सिलसिलेवार तरीके से जानिए कैसे भाई से अफेयर के बाद परिवार से लड़कर आराध्या ने शादी की और अब बोरे में बंद लाश मिली…. मौसेरे भाई से अफेयर, 3 साल लिव-इन फिर लव मैरिज पुलिस के मुताबिक, आराध्या का अपने सगे मौसेरे भाई सहसा निवासी दीपक कुमार साह के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों 3 साल लिव-इन में रह चुके थे। फिर परिवार के विरोध के बावजूद, दोनों ने शादी कर ली थी। इस शादी में दीपक के परिवार के कुछ सदस्य और स्कूल के साथी शामिल हुए थे। शादी के कुछ समय बाद, सामाजिक दबाव और परिवार के प्रभाव में आकर दीपक आराध्या से दूरी बनाने लगा। आराध्या किराए के मकान में अकेले रहती थी। कभी-कभी दीपक मिलने आता था। परिवार ने दूसरी जगह शादी तय की परिवार के प्रेशर में आकर दीपक आराध्या से अलग होने लगा। इसी बीच परिजनों ने उसकी दूसरी शादी तय कर दी। आराध्या को जब इसका पता चला तो वो विरोध करने लगी। दूसरी शादी में बाधा बन रही आराध्या को दीपक ने रास्ते से हटाने का फैसला किया और 12 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे दीपक आराध्या के किराए के मकान पर पहुंचा और उसे अपनी बाइक पर बैठाकर साथ ले गया। घर से 15 किलोमीटर दूर फेंका शव आरोप है कि दीपक ने आराध्या की गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उसने शव को एक बोरे में बंद किया और अपने घर से 15 किलोमीटर दूर सीवान-मसरख मुख्य मार्ग (बसंतपुर थाना क्षेत्र) के किनारे फेंक दिया। इसके बाद 21 अप्रैल को दीपक ने दूसरी लड़की से शादी भी कर ली। इधर, आराध्या का मोबाइल बंद होने और उसका कोई सुराग न मिलने पर मायके वाले परेशान हुए। एक हफ्ते से लापता थी आराध्या परिवार ने आराध्या की हर जगह तलाश की, लेकिन कोई खबर नहीं मिली। हारकर पिता प्रवीण साह ने छपरा नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पिता ने दीपक पर शक जताते हुए पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दीपक को हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पोस्टमॉर्टम के लिए पटना भेजा गया शव नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया, ‘आरोपी दीपक की निशानदेही पर शुक्रवार शाम सीवान के बसंतपुर से आराध्या का शव बरामद किया गया। शव काफी क्षत-विक्षत स्थिति में था, जिसके कारण छपरा सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे बेहतर परीक्षण और पोस्टमॉर्टम के लिए पटना भेजा गया है।’
—————- इसे भी पढ़िए… शादी से 12 घंटे पहले वार्ड पार्षद की हत्या:छपरा में तिलकोत्सव के टेंट को लेकर पड़ोसी से विवाद, 2 अन्य घायल छपरा जिले में शादी से महज 12 घंटे पहले एक वार्ड पार्षद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के गोढ़ा गांव में हुई। मृतक की पहचान वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर के रूप में हुई है, जिनका शनिवार को तिलकोत्सव कार्यक्रम निर्धारित था। पूरी खबर पढ़ें।