मोगा के कोटकपूरा बाईपास के पास एक कार से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। यह घटना सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे सामने आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, कोटकपूरा पुल के नीचे प्रेम की चक्की के पास खड़ी एक कार में एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। जब आसपास के लोगों ने नजदीक जाकर देखा तो वह मृत पाया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत समाज सेवा सोसायटी (रजि.) मोगा को सूचना दी। सोसायटी की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई की। शव को सोसायटी की इमरजेंसी गाड़ी के जरिए मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। शव मोर्चरी में रखा गया मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके चलते शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा गया है, ताकि परिजन उसकी पहचान कर सकें। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।