आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए सांसद राघव चड्ढा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के लिए समय मांगा था। उन्होंने पंजाब सरकार की सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग, राजनीतिक बदले की भावना और हाल ही में AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए सांसदों के खिलाफ टारगेटेड कार्रवाई का मुद्दा उठाने की बात कही थी। सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रपति ने 5 मई को सुबह 10:40 बजे राघव चड्ढा और तीन अन्य सांसदों को मुलाकात का समय दे दिया है। पंजाब सीएम भी उसी दिन मिलेंगे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। उन्हें राष्ट्रपति भवन में दोपहर 12 बजे का समय दिया गया है। इस दौरान AAP के सभी विधायक भी दिल्ली जाएंगे, हालांकि राष्ट्रपति से मुलाकात मुख्यमंत्री अकेले ही करेंगे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में मुख्य रूप से आम आदमी पार्टी (AAP) के उन सात राज्यसभा सांसदों का मुद्दा उठाया जाएगा, जो हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान इन सांसदों को वापस बुलाने (रिकॉल) की मांग राष्ट्रपति के सामने रख सकते हैं। इसके अलावा बैठक में पंजाब के मौजूदा हालातों और अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। पार्टी ने 88 मतों से जीता विश्वास प्रस्ताव पंजाब सरकार ने 1 मई को विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया, जिसके बाद सरकार की स्थिरता को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया। विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 94 में से 88 विधायकों ने मतदान किया। वहीं कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया था। जेल में बंद विधायकों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब से सात राज्यसभा सांसद हैं। इनमें से छह सांसद हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो चुके हैं, जबकि एक सांसद अभी पार्टी में बना हुआ है। दूसरी ओर लोकसभा में पार्टी के तीन सांसद हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान का कहना है कि AAP एक राष्ट्रीय पार्टी है, इसलिए उसे राज्यसभा में प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है।