बटाला में जमींदार की चलती कार में आग:शीशा तोड़ कूदकर ड्राइवर ने बचाई जान; 3 दिन पहले खरीदी बैटरी में ब्लास्ट से हुआ हादसा

बटाला-अमृतसर नेश्नल हाईवे पर चलती कार आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि कार चालक जमींदार ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और गाड़ी से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। उसके बाद कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते राख हो गई। नेश्नल हाइवे पर हुई इस घटना से अफरातफरी मच गई। मौके पर फायर ब्रिगेड तो पहुंची पर तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। वहीं, पीसीआर टीम ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। 3 दिन पहले खरीदी थी गाड़ी
गाड़ी चालक विक्रमजीत निवासी टडियाला ने बताया कि उसने 3दिन पहले ही अपने निजी काम के लिए एक पुरानी (सेकंड हैंड) कार खरीदी थी। वह मंगलवार को अपनी कार से गांव की ओर जा रहा था। तभी अचानक गाड़ी के बोनट के अंदर से धमाके की आवाज आई। विक्रमजीत के अनुसार, गाड़ी चलाते समय उसे महसूस हुआ कि बैटरी में ब्लास्ट हुआ है। देखते ही देखते निकलने लगी आग की लपटें
विक्रमजीत के अनुसार आवाज सुनते ही उसने तुरंत गाड़ी साइड में लगाई और जैसे ही जांच के लिए बोनट खोला, आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। आस-पास कहीं पानी नहीं था तो पीसीआर को सूचना दी। जिन्होंने फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम 5-10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी का काफी हिस्सा जल चुका था। पुलिस का शिकायत निवारण वाहन पहुंचा
पुलिस की 113-VR यानि शिकायत निवारण वाहन मौके पर पहुंचा। टीम के अधिकारी ने बताया कि उन्हें गुरपाल सिंह नामक व्यक्ति से सूचना मिली थी कि सड़क पर एक चलती गाड़ी धूं-धूं कर जल रही है। उन्होंने मौके पर पहुंचने से पहले ही 101 नंबर पर कॉल करके फायर ब्रिगेड को सूचित किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया था। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जिस समय गाड़ी में आग लगी, चालक अकेला था। आग इतनी तेजी से फैली कि दरवाजे लॉक होने की संभावना बढ़ गई थी।
लेकिन, चालक विक्रमजीत ने बिना घबराए गाड़ी का शीशा तोड़ा और समय रहते बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। अधिकारी ने बताया कि गाड़ी पूरी तरह से नष्ट (Total Loss) हो गई है। कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, चालक सुरक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *