पठानकोट के कस्बा सुजानपुर में सीवरेज बोर्ड और प्रशासन की बड़ी लापरवाही के कारण एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया। सीवरेज के अधूरे काम और खुदे हुए गड्ढों के कारण बिजली का पोल गिर गया, जिसकी चपेट में आने और करंट लगने से घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्यारा लाल (51) के तौर पर हुई है, जो सुजानपुर के ही जम्मू कलियारी क्षेत्र का रहने वाला था। प्यारा लाल मजदूरी करता था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों ने इस दौरान सीवरेज बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि ये हादसा नहीं हत्या है। लोगों ने सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों और ठेकेदार पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि विभाग द्वारा की गई एक गरीब इंसान की सीधी हत्या है। अचानक हुआ हादसा, संभलने का भी नहीं मिला मौका
दरअसल, सुजानपुर में सीवरेज बिछाने का काम चल रहा है। जिसके चलते कई स्थानों पर सड़कें और गलियां खोदी गई हैं। इसी तरह, सुजानपुर की शमशानघाट रोड पर भी काम चल रहा था और सड़क खोदी थी। इसी दौरान बिजली का पोल नीचे से जमीन खोखली होने के कारण गिर गया। इसी दौरन नीचे से साइकिल सवार गुजर रहा था। जिसे संभलने का मौका नहीं मिला। बिजली की तारें गिरी साइकिल सवार के ऊपर
जैसे की पोल गिरा, साइकिल सवार पर तारें गिर गईं। इसी दौरान स्पार्किंग के चलते तारों से चिंगारियां निकलीं और साइकिल सवार उसकी चपेट में आ गया। इससे पहले की बिजली सप्लाई बंद की जाती या व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों ने मुताबिक विकास कार्यों के नाम पर सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासी न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील कर रहे हैं। लोगों का आरोप : हादसे के लिए सीवरेज बोर्ड और ठेकेदार जिम्मेदार
स्थानीय निवासी सुरिन्दर मन्हास सहित अन्यों ने प्रशासन और सीवरेज बोर्ड को इस मौत का सीधा जिम्मेदार ठहराया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को चेतावनी दी थी कि जितना काम करना हो, उतना ही खोदें। लेकिन विभाग आधे रास्ते में गड्ढे खोदकर काम छोड़ देता है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। सुरक्षा के नहीं हैं इंतजाम
लोगों ने कहा कि नियमानुसार खुदाई वाले स्थान के दोनों तरफ बैरिकेडिंग होनी चाहिए थी, लेकिन यहां कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। लोगों का आरोप है कि प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है और बार-बार शिकायत के बावजूद कोई “नकेल” नहीं कसी जा रही। लोगों ने भावुक होते हुए कहा कि जिस परिवार का सदस्य चला गया है, उसकी भरपाई कौन करेगा? वह व्यक्ति परिवार का मुख्य सहारा था। पूरा सुजानपुर झेल रहा है बदहाली का दंश
घटनास्थल पर विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि आज केवल एक मोहल्ला नहीं, बल्कि पूरा सुजानपुर इस सड़क और सीवरेज के अधूरे काम के कारण मुसीबत झेल रहा है। लोगों का आरोप है कि काम शुरू करने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से पूरा करने के बजाय, विभाग ने उसे भगवान भरोसे छोड़ दिया है, जिसका खामियाजा एक गरीब परिवार को अपना सदस्य खोकर भुगतना पड़ा। लोगों ने की मांग, दर्ज हो हत्या का केस
विरोध जता रहे स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के सामने स्पष्ट मांगें रखी हैं। उन्होंने मांग करते कहा कि सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ धारा 302 (हत्या) का मामला दर्ज किया जाए। मृतक के गरीब परिवार को तुरंत उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए। निर्माण कार्य इस तरह से किया जाए कि आने-जाने वाले राहगीरों को कोई परेशानी न हो। प्रशासन को चेतावनी: “नहीं जागे तो होगा रोड जाम”
नेताओं ने प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें तुरंत पूरी नहीं की गईं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय न मिलने की स्थिति में पूरे सुजानपुर की सड़कों को जाम कर दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन और सीवरेज बोर्ड की होगी।