यमुनानगर में करंट लगने से लाइनमैन असिस्टेंट की मौत:जंपर जोड़ने ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ा था; परमिट लेने के बावजूद चालू की सप्लाई

यमुनानगर जिले के जगाधरी क्षेत्र में मुखर्जी पार्क स्थित फीडर पर काम के दौरान एक असिस्टेंट लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव माली माजरा के 42 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा रोजगार कौशल निगम के तहत बिजली निगम में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, बुधवार को मुखर्जी पार्क इलाके में लगे ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ गई थी। इस खराबी को दूर करने के लिए मुकेश कुमार अपने सहकर्मी गणेश के साथ मौके पर पहुंचा। दोनों कर्मचारियों ने नियमानुसार पहले परमिट लिया और ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाने का कार्य शुरू किया। शुरुआती प्रक्रिया के तहत जंपर लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम इसी दौरान मुकेश कुमार दोबारा जंपर जोड़ने के लिए ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ा। तभी अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और संतुलन खोकर नीचे खड़ी ट्रॉली में गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मुकेश को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन और साथी कर्मचारी उसे पंचकूला के अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उठाए सवाल मामले की जांच कर रहे जगाधरी थाना के जांच अधिकारी सुमित कांबोज के अनुसार, हादसा ट्रांसफॉर्मर पर जंपर जोड़ते समय हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। मृतक के परिजनों ने इस घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब मुकेश ने विधिवत परमिट लेकर काम शुरू किया था, तो बिजली आपूर्ति अचानक कैसे चालू हो गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *