बरनाला शहर के बस स्टैंड के नजदीक एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। सुबह लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान गांव जोगा निवासी जसपाल सिंह पुत्र दर्शन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना बस स्टैंड के पास सरदार हैंडलूम वाली गली में हुई। सूचना मिलते ही बस स्टैंड पुलिस चौकी के प्रभारी गुरसिमरनजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को तुरंत सिविल अस्पताल बरनाला के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान जसपाल सिंह के रूप में की। पुलिस ने परिवार को दी सूचना इसके बाद, पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़ी अहम जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। शरीर पर किसी चोट के निशान हैं या नहीं, यह भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। चौकी प्रभारी गुरसिमरनजीत सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह शव मिलने पर चिंता व्यक्त की है और पुलिस से जल्द सच्चाई सामने लाने की अपील की है।