राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV ACB) फरीदाबाद ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हलका पटवारी जावेद को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गौच्छी (उप तहसील गौच्छी) में तैनात था। मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना SV ACB, फरीदाबाद में केस दर्ज किया गया है। यहां जानिए क्या है पूरा मामला शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने गांव फिरोजपुर कलां में स्थित कृषि भूमि का अपने भतीजे कृष्ण (पुत्र रोहताश) के साथ आपसी तबादला कराया था। यह प्रक्रिया कार्यालय सब-रजिस्ट्रार गौच्छी में पूरी हुई, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल गलत दर्ज हो गया। इस त्रुटि को ठीक कराने के लिए 24 मार्च को तहसीलदार गौच्छी को आवेदन दिया गया, जिसे उसी दिन पटवारी जावेद को मार्क कर दिया गया। आरोप है कि पटवारी ने काम को जानबूझकर लटकाया और बाद में इंतकाल ठीक करने के नाम पर 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। 25 हजार के साथ गिरफ्तार शिकायत की पुष्टि के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम ने योजना बनाकर रेड की। शिकायतकर्ता ने आरोपी को 25,000 रुपये दिए। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत ली, उसे शक हो गया और उसने तुरंत पैसे अपने निजी सहायक को थमा दिए। मौके पर मौजूद टीम ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन उसका सहायक नकदी लेकर फरार हो गया। मामले की जांच में जुटी टीम पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार निजी सहायक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। रिश्वत की राशि बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं। फिलहाल मामला जांच के अधीन है।