लुधियाना की गर्लफ्रेंड ने बिहार में जाकर बॉयफ्रेंड की शादी में हंगामा कर दिया। युवती कुएं पर चढ़कर सुसाइड की धमकी देने लगी। उसका कहना था कि मेरा बॉयफ्रेंड किसी और लड़की से शादी कर रहा है। प्रेमिका ने उस पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बाद में मुकरने का आरोप लगाया। हंगामे के कारण शादी की रस्मों को रोकना पड़ा और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। लड़की ने कहा- जिस लड़के के साथ मैं रिलेशनशिप में थी, वह मुझे शादी का झांसा देकर अपने गांव आ गया है। हंगामे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और दोनों पक्षों को थाने लाया गया। आरोपी युवक की पहचान बिहार में सीवान के मैरवा थाना क्षेत्र के छेनी छापर गांव के रहने वाले अजीत कुमार दुबे के रूप में हुई है। वहीं, युवती की पहचान पंजाब के लुधियाना के शिमलापुरी थाना क्षेत्र स्थित न्यू शिमला गांव की रहने वाली अंजलि जायसवाल के रूप में हुई है। घटना से जुड़े PHOTOS… सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… लुधियाना में साथ करते थे काम अंजलि जायसवाल ने बताया, मैं लुधियाना में जॉब करती हूं। एक साल पहले 2025 के जनवरी में ऑफिस में मेरी मुलाकात अजीत से हुई थी। हम दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे रिश्ता प्यार में बदल गया। अंजलि के मुताबिक, मई 2025 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इस दौरान अजीत ने शादी का वादा किया और उसी भरोसे पर उसने शारीरिक संबंध बनाए। अब जब शादी की बात करने लगी तो वह मुकर गया। युवती का आरोप है कि युवक और उसके परिवार वाले कह रहे हैं कि वह दूसरी जाति की है, इसलिए उससे शादी नहीं की जा सकती। मैंने शुरू में साफ कहा था कि अगर शादी करनी है तभी बात करना, वरना मुझसे कोई मतलब मत रखना। उसने बार-बार कहा कि वह मुझसे शादी करेगा। इसी कारण मैंने उस पर भरोसा किया। मैं उसकी हर बात मानती थी अंजलि ने आगे बताया- धीरे-धीरे हमारा रिश्ता गहरा हुआ। उसने मुझे हर तरह से भरोसा दिलाया कि वह मुझे अपनी पत्नी बनाएगा। वह मुझे अलग-अलग जगह घुमाने ले जाता था। मंदिर ले जाता था। उसके व्यवहार से लगता था कि वह सचमुच मुझे दिल से चाहता है। मैं उसकी हर बात मानती थी। किससे बात करनी है, किससे नहीं करनी है, कहां जाना है, कहां नहीं जाना है, किस नौकरी में रहना है, कब छुट्टी लेनी है, मैं सब मानती थी। मुझे लगता था कि वह मेरा होने वाला पति है, इसलिए उसकी बात मानना गलत नहीं है। उसने अपनी पारिवारिक परेशानियां भी बताईं। उसने कहा कि घर की हालत ठीक नहीं है। मेरा किडनी खराब है। मुझे छोड़कर मत जाना। मैं अपने घर की जिम्मेदारी खुद उठाती हूं
अंजलि ने आगे कहा, मैं खुद अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाती हूं। मेरे पिता नहीं हैं, दो छोटे भाई हैं। उनकी पढ़ाई का खर्च मैं देती हूं। मां को हार्ट की दिक्कत है, इसलिए उसकी बातों से मैं भावनात्मक रूप से जुड़ गई और हर हाल में उसका साथ देने लगी। लेकिन बाद में पता चला कि वह मुझे सिर्फ इस्तेमाल कर रहा था। शादी का झांसा देकर उसने मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाए। कई बार उसने जबरदस्ती भी की। एक बार उसने मेरी कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी, जबकि मैं शराब से दूर रहती हूं। इसके बाद भी उसने कई बार मेरे साथ गलत किया। उसकी शादी की जानकारी मिलने के बाद मैं यहां आई हूं लुधियाना की युवती ने कहा कि जब मैंने शादी की बात तेज की तो उसके परिवार ने भी मुझे भरोसा दिया। उसकी मां और बहन वीडियो कॉल पर मुझसे बात करती थीं। मुझे संस्कारी लड़की कहती थीं। कहती थी कि शादी हो जाएगी। यहां तक कहा गया कि पहले उसकी बहन की शादी होगी, फिर हमारी शादी कराई जाएगी। मैं इसी भरोसे पर शांत रही। फिर अचानक सोशल मीडिया और गांव के लोगों से पता चला कि लड़के की शादी तय हो गई है। जब शादी की जानकारी मिली तो मेरे पास यहां आने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। अगर मैं नहीं आती, तो वह चुपचाप दूसरी शादी कर लेता और मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाती। अजीत का हो गया था तिलक, मुझे उससे शादी करनी है अंजलि ने आगे बताया, मेरा सीवान आने का सबसे बड़ा कारण ये था कि हरियाणा में भी लड़के के परिवार वाले और उनके वकील लगातार झूठ बोल रहे थे। पंजाब पुलिस को कहा जा रहा था कि एक सप्ताह बाद वे खुद मेरी फैमिली को लेकर आएंगे। शादी की बात करेंगे, लेकिन मुझे पता था कि अगर मैं इंतजार करती, तब तक उसकी शादी हो चुकी होती। मुझे जब पता चला कि अजीत का तिलक हो रहा है और शादी का कार्ड भी सामने आ गया, तब मैं मंगलवार की सुबह ट्रेन पकड़ा और यहां के लिए निकल गई। मैंने अपने परिवार से कहा, मैं ऑफिस जा रही हूं। मेरी फैमिली पहले से डरी हुई थी। अजीत के परिवार वाले मुझे जान से मारने की लगातार धमकियां दे रहे थे। इन धमकियों के बावजूद मैं यहां आई, क्योंकि मैं देखना चाहती थी कि आखिर मेरे साथ इतना बड़ा धोखा कैसे किया जा सकता है। मैं ट्रेन के नीचे आकर भी मर जाऊंगी अंजलि ने कहा कि मैं पूरी तरह टूट चुकी थी। मुझे लग रहा था कि अगर अब भी मुझे न्याय नहीं मिला तो मेरे पास जीने का कोई कारण नहीं बचेगा, इसलिए मैं कुएं पर चढ़ गई थी। मैंने कहा था कि अगर मेरी शादी उससे नहीं हुई, या मुझे इंसाफ नहीं मिला, तो मैं जान दे दूंगी। मैं ट्रेन के नीचे आकर भी मर जाऊंगी, लेकिन इस तरह धोखा सहकर चुप नहीं बैठूंगी। मैं पढ़ी-लिखी लड़की हूं। बीकॉम किया है, नौकरी करती हूं और अपने परिवार को संभालती हूं। मैं किसी पर बोझ नहीं हूं। मैंने सिर्फ प्यार किया और शादी की उम्मीद की थी, लेकिन मुझे धोखा मिला। मेरा इस्तेमाल किया गया और अब धमकी भी मिल रही है। मेरी सिर्फ एक मांग है कि मुझे न्याय मिले। जिसने मेरे साथ शादी का वादा कर रिश्ता बनाया, मेरे जीवन से खेला, उसे उसके किए की सजा मिले। मैं इतनी दूर सिर्फ तमाशा करने नहीं आई हूं, अपने हक और सम्मान के लिए आई हूं। घटना की सूचना मिलने पर मैरवा थाना प्रभारी राहुल कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया है और उन्हें थाने लाया गया है। साथ ही युवती के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।