बरनाला में ट्राइडेंट फैक्ट्री पर बीकेयू उग्रहां ने खोला मोर्चा:प्रदूषण की निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग, PPCB कर चुकी ही छापेमारी

बरनाला में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) की धौला स्थित ट्राइडेंट फैक्ट्री पर छापेमारी के बाद अब भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) ने भी फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने प्रदूषण विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। किसान नेता बलजिंदर सिंह, सागर सिंह और मेजर सिंह ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से फैल रहे प्रदूषण के कारण इलाके की हवा और पानी जहरीले हो गए हैं। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री का रासायनिक पानी बोरवेल के जरिए जमीन में डाला जा रहा है और रासायनिक राख खुले में फेंककर खेतों को बर्बाद किया जा रहा है। इस प्रदूषण के कारण नजदीकी गांवों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के मामले सामने आ रहे हैं। जब इस संबंध में ट्राइडेंट फैक्ट्री के प्रबंधकों से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। किसान बोले- प्रदूषण से फैल रहा कैंसर नजदीकी खेतों के मालिक और कैंसर पीड़ित किसान निर्मल सिंह ने बताया कि वह खुद इस प्रदूषण के कारण कैंसर से पीड़ित हो चुके हैं और उनका ऑपरेशन भी हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी कई बार जांच हुई है, जिसमें पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने भी निरीक्षण किया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा में शामिल होने के बाद छापेमारी फैक्ट्री मालिक और पूर्व राज्यसभा सदस्य राजिंदर गुप्ता के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच इस छापेमारी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। किसानों के अनुसार, पिछले दिनों ‘आप’ नेतृत्व ने फैक्ट्री की दीवारों पर ‘गद्दार’ लिखकर विरोध प्रदर्शन किया था। राजिंदर गुप्ता के इलाज के लिए अमेरिका में होने के दौरान विभाग द्वारा की गई पांच घंटे की छापेमारी कई सवाल खड़े करती है। किसानों की मुख्य मांगें
* फैक्ट्री के अंदरूनी प्रदूषण की गहराई से जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाए।
* भूजल और हवा के नमूनों (Samples) की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
* प्रदूषण फैलाने के आरोप में फैक्ट्री पर पक्की कानूनी कार्रवाई हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *