पंजाब सरकार ने शुक्रवार (1 मई) को 45 IAS और PCS अधिकारियों का तबादला किया। इनमें 6 आईएएस व 39 पीसीएस अधिकारी शामिल हैं। नीलिमा को गृह मंत्रालय का होम सेक्रेटरी लगाया गया है। साक्षी साहनी को पंजाब शहरी नियोजन और विकास प्राधिकरण (PUDA) का मुख्य प्रशासक और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अधिकारियों के तबादले की लिस्ट… पंजाब की बड़ी खबरें… कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा की मौत की अफवाह
गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी मौत की झूठी खबर वायरल हो गई। दावा किया गया कि उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस अफवाह के फैलते ही समर्थकों और इलाके के लोगों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, कुछ ही देर बाद खुद रंधावा ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। रंधावा ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘अफवाहों से परहेज करें जी। गुरु साहिब की कृपा से मैं चढ़दी कला में हूं’, यानी पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हूं। पठानकोट में सरकारी बस दुकानों में घुसी पठानकोट में माधोपुर के पास हरियाणा रोडवेज बस के ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस सड़क किनारे बनी दुकानों से जा टकराई। बस चलाते वक्त ड्राइवर को झपकी आ गई थी। जिससे ये हादसा हो गया। वहीं बस के टकराने से दुकानों के शटर बुरी तरह मुड़ गए, दीवारें टूट गईं और अंदर रखा कीमती सामान पूरी तरह खराब हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद इलाके में काफी समय तक हड़कंप मचा रहा और राजमार्ग पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। (पढ़ें पूरी खबर) एक्ट्रेस पलक तिवारी गोल्डन टेंपल पहुंचीं एक्ट्रेस श्वेता तिवारी की बेटी और बॉलीवुड एक्ट्रेस पलक तिवारी अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल पहुंचीं। यहां उन्होंने दरबार साहिब में माथा टेका। इस दौरान वह नीले रंग का सूट पहने नजर आईं। सूट पर गुलाबी रंग के फूल और हरे रंग की पत्तियों की कढ़ाई बनी हुई थी। उनका सिर दुपट्टे से ढंका हुआ रहा। पलक तिवारी आम श्रद्धालु की तरह यहां रहीं। हालांकि उन्होंने मीडिया से बात नहीं की। पलक ने अपने इस खास दौरे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की हैं। एक तस्वीर में वह परिक्रमा में बैठकर शांति से गुरबाणी का आनंद लेते हुए नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वह हाथ जोड़कर खड़ी दिखाई दे रही हैं। (पढ़ें पूरी खबर) एयरपोर्ट पर CISF डॉग को दी गई विदाई, समय से पहले रिटायर हुआ अमृतसर में श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज एक खास समारोह आयोजित किया गया, जिसमें CISF के डॉग स्क्वॉड के बहादुर सदस्य मैक्स को पूरे सम्मान के साथ रिटायर किया गया। मैक्स का जन्म 10 मार्च 2020 को हुआ था और 3 जुलाई 2020 को उसने CISF में अपनी सेवा शुरू की। कठिन ट्रेनिंग के बाद उसकी तैनाती अमृतसर एयरपोर्ट पर की गई, जहां उसने लगातार 5 वर्षों तक अपनी जिम्मेदारी निभाई। आमतौर पर एक डॉग की सेवा अवधि लगभग 8 साल होती है, लेकिन गंभीर बीमारी के चलते मैक्स को समय से पहले ही रिटायर करना पड़ा। (पढ़ें पूरी खबर) मलोट में नए कानून के तहत बेअदबी का पहला केस दर्ज पंजाब में बने नए बेअदबी कानून के तहत पहला मामला दर्ज किया गया है। मुक्तसर जिले के मलोट के वार्ड नंबर 10 में श्री गुटका साहिब के फटे हुए अंग मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। यह घटना पंजाब सरकार द्वारा जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026 के बाद सामने आई है। डीएसपी हरजीत सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर 10 की एक गली में ये फटे पन्ने मिले। सिख संगत ने इन पन्नों को पास के गुरुद्वारा साहिब पहुंचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों ने गुरुद्वारा साहिब में एकत्रित संगत को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। (पढ़ें पूरी खबर) अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी का समय बदला भारत-पाकिस्तान अटारी बॉर्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी के समय में बदलाव किया गया है। अब रिट्रीट सेरेमनी शाम 6 बजे से शुरू होकर 6:30 बजे तक चलेगी। इससे पहले रिट्रीट सेरेमनी 5:30 बजे शुरू होकर 6 बजे खत्म हो रही थी। मौसम और दिन की घटती-बढ़ती रोशनी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। अधिकारियों का कहना है कि दर्शकों को बेहतर अनुभव देने और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समय में यह बदलाव जरूरी था। यह नया समय आज यानी 1 मई से लागू कर दिया गया है। यानी अब जो भी पर्यटक या स्थानीय लोग इस सेरेमनी को देखने की योजना बना रहे हैं, उन्हें नए समय के अनुसार ही पहुंचना होगा। बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी भारत और पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा की जाने वाली एक विशेष परंपरा है, जिसमें जोश, अनुशासन और देशभक्ति की झलक देखने को मिलती है। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में पलटी पिकअप, ड्राइवर का कटकर अलग गिरा लुधियाना में ओल्ड जीटी रोड पर चांद सिनेमा के पास सड़क पर बिखरी बजरी से एक हाईस्पीड पिकअप पलट गया। पिकअप के ड्राइवर का दायां हाथ कलाई से अलग गिर गया। उसके सिर पर भी गंभीर चोटें आई। उसके साथ बैठे लोगों को भी हलकी चोटें लगी। एक्सीडेंट के बाद लोग वहां पर एकत्रित हो गए और उन्होंने ड्राइवर व उसके साथियों को बाहर निकाला। लोगों ने एंबुलैंस बुलाई और ड्राइवर को एंबुलेंस में रखा। लोगों को तब पता लगा कि उसका हाथ बिल्कुल हलक हो गया। ड्राइवर की पहचान साबुन बाजार के नजदीक सट्टा मंडी के रहने वाले रमेश चौहान के रूप में हुई। रमेश चौहान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला है। एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर थाना डिविजन नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त पिकअप को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)