जालंधर के व्यस्त बाजार बस्ती नौ में काम से घर लौट रही एक युवती से बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल फोन छीन लिया। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा पीड़िता से सहानुभूति जताने के बजाय अजीबोगरीब सवाल पूछने पर स्थानीय दुकानदारों और लोगों में भारी रोष देखा गया। घटना देर रात 10 बजे की है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। जानकारी के अनुसार, गांधी कैंप की रहने वाली एक युवती काम खत्म कर घर लौट रही थी। तभी अचानक मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने उसका मोबाइल फोन छीना और फरार हो गए। घटना के बाद युवती बुरी तरह घबरा गई और फूट-फूट कर रोने लगी। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तुरंत उसे सहारा दिया। लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के करीब 45 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हैरान करने वाली बात यह रही कि पुलिस कर्मियों ने युवती को ढांढस बंधाने के बजाय उससे यह सवाल पूछना शुरू कर दिया कि उसने फोन “दाएं कान पर लगाया था या बाएं कान पर।”
पुलिस के रवैये पर भड़के व्यापारी पुलिस के इस रवैये को देख मौके पर मौजूद व्यापारी भड़क गए। दुकानदारों ने कहा कि एक तरफ अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस पीड़ित को ही परेशान कर रही है। व्यापारियों का कहना है कि इस इलाके में लगातार चोरियां और झपटमारी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त न के बराबर है। पुलिस आरोपियों के पहचान के लिए CCTV खंगाल रही हंगामे की सूचना मिलते ही जालंधर वेस्ट के एसीपी खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को शांत करने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्राथमिक जांच के अनुसार दो बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया है और पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।