प्रयागराज में 500-500 रुपए के नोट बिछाकर सोने वाली 32 साल की पल्लवी सिंह शनिवार दोपहर 1 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गई। 50 फीट ऊंचाई से चिल्लाते हुए जान देने की धमकी देने लगी। उसकी आवाज सुनकर सैकड़ों लोग जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उससे नीचे उतरने को कहा। इस पर पल्लवी ने कहा- उसके खिलाफ दर्ज मुकदमा गलत है। जब तक उसे वापस नहीं लिया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसने 9 घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा किया। रात 10 बजे वह टंकी से नीचे उतरी, जिसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। मामला शहर से 15 किलोमीटर दूर फाफामऊ इलाके का है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पल्लवी ने मोहम्मद आलम से लव- मैरिज की थी। पति ने उसके खिलाफ फाफामऊ थाने में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पल्लवी ने भी पति के खिलाफ केस दर्ज कराया था। लड़की के ड्रामे की 3 तस्वीरें देखिए… एक दिन पहले नोटों के साथ सामने आई थी तस्वीर पल्लवी सिंह मूल रूप से बलिया की रहने वाली है। अभी फाफामऊ में रहती है। एक दिन पहले उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई थी, जिसमें वह 500-500 रुपए के नोट बिस्तर पर बिछाकर लेटी हुई थी और मोबाइल चला रही थी। शनिवार को दोपहर में एक बजे वह फाफामऊ के बसना नाला के पास बनी 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। वहां मौजूद लोगों को लगा कि युवती फोन पर बात करने गई है। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- लड़की सीढ़ी का ताला तोड़कर ऊपर गई है। इसके बाद वहां भीड़ लग गई। इसी बीच एक राहगीर महिला टंकी के ऊपर चढ़कर युवती को समझाने गई। लेकिन युवती ने फेसबुक लाइव शुरू कर दिया। युवती ने कहा- मैं लव जिहाद की शिकार हो चुकी है, मैंने गोली खा लिया है। मेरे खिलाफ पुलिस मुकदमा लिख देती है। मुझे मोटिवेट मत करो, यहां से जाओ। इसके बाद कूदने की धमकी देते हुए महिला को भगा दिया। युवती बोली- रोज मेरे घर में चोरी करवाई जा रही फेसबुक पर लाइव आकर युवती पल्लवी ने फाफामऊ इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि अतीक अहमद के रिश्तेदार आलम (पति) समेत अन्य लोगों से मिलकर आए दिन मेरे खिलाफ मुकदमा लिख देते हैं। प्रयागराज प्रशासन से बहुत प्रताड़ित हो चुकी हूं, मेरे पास सुसाइड के अलावा कोई ऑप्शन नहीं है। मेरे घर में रोज चोरी करवाई जा रही है, यहां तक कि खुद फाफामऊ इंस्पेक्टर ने 2024 में मेरे घर में घुसकर चोरी की थी। 1 घंटे बाद एसीपी थरवई मौके पर पहुंचे करीब 1 घंटे बाद दोपहर में 2 बजे एसीपी थरवई मौके पर पहुंचे और माइक से पुकारकर उसे नीचे उतारने की कोशिश करने लगे। करीब 3 बजे वह खुद टंकी पर चढ़कर युवती को मनाने गए, लेकिन घंटों समझाने के बाद भी वह नहीं उतरी। वहीं युवती लगातार फेसबुक पर लाइव थी और दूसरे फोन से कॉल पर भी बात कर रही थी। युवती ने ऊपर से चिल्लाया और बोली- यहां से भीड़ हटवाई जाए और मेरे पति आलम पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जाए। इसके बाद भी एसीपी उसे मनाने में जुटे रहे। वह लगातार कूदकर जान देने की धमकी देती रही। आखिरकार रात करीब 10 बजे, अपनी सभी शर्तों को मनवाने की जिद के आश्वासन के बाद वह किसी तरह एसीपी के साथ नीचे उतर आई। थानाध्यक्ष कंबोद सिंह ने बताया- पल्लवी के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। नोटों के साथ सामने आई तस्वीर के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। ———————- यह खबर भी पढ़ें… असम-राइफल्स के जवान ने की हर्ष फायरिंग, बच्चे की मौत:सीने के आर-पार हुई बुलेट; बलिया में ससुराल की बारात में डांस कर रहा था; FIR दर्ज बलिया में बारात में डांस के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। गोली बच्चे के सीने के आरपार हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बच्चा अपनी पड़ोस में आई बारात में आया हुआ था। आरोपी सुनील यादव, असम राइफल्स में सिपाही है। पढ़ें पूरी खबर…