मुजफ्फरपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से दृष्टिहीन व्यक्ति घायल:बोचहाँ फोरलेन पर हुआ हादसा, SKMCH रेफर

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में एक दृष्टिहीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना रविवार रात मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन (एनएच 27) पर मझौली चौक के पास हुई। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मझौली चौक के समीप सड़क किनारे जा रहे एक दृष्टिहीन व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को बोचहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. अर्नब प्रकाश, स्वास्थ्यकर्मी मो. जाहिद और मुन्ना कुमार सहित अन्य स्टाफ ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, घायल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए छानबीन कर रही है। पुलिस ने लोगों से भी इस मामले में सहयोग की अपील की है। थाना प्रभारी यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *