झज्जर जिले में दादनपुर गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऑटो में झज्जर आ रहे थे जानकारी के अनुसार, किरड़ौद गांव के पूर्व सैनिक सुखपाल, उनकी पत्नी संतोष, सुजाता और अनिल ऑटो में सवार होकर झज्जर आ रहे थे। इसी दौरान दादनपुर गांव के पास खखाना गांव के हरीराम सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क किनारे खड़ा हरीराम भी इसकी चपेट में आ गया। तीन घायल अस्पताल में भर्ती हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुखपाल और उनकी पत्नी संतोष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। CCTV खंगालने में जुटी पुलिस पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं। जांच अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि फरार पिकअप ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।