यमुनानगर के रादौर क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस केस में पुलिस और बदमाश के बीच आज रात मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी अमन घायल हो गया। आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ थाना छप्पर क्षेत्र में हुई, जहां अपराध शाखा-2 की टीम ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी। इसी दौरान पानीपत जिले के गोयला कला निवासी आरोपी अमन को काबू किया। इस दौरान आरोपी के पैर में चोट आई है। पुलिस ने उसे मौके से काबू कर लिया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। फायरिंग केस से जुड़ा है आरोपी पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अमन का संबंध हाल ही में भूरे का माजरा गांव में हुई फायरिंग की वारदात से जोड़ा जा रहा है। इस घटना में पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पूर्व सरपंच ऋषिपाल के बंद पड़े घर पर 16 से 17 राउंड फायरिंग की थी। वारदात के दौरान सामने वाले घर में रह रहे उनके साले अंकित पर भी जानलेवा हमला किया गया था, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। मौके से पुलिस को 17 खाली खोल बरामद हुए थे और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। गैंग कनेक्शन की जांच तेज इस मामले में पहले ही गैंगस्टर एंगल सामने आ चुका है। शिकायतकर्ता ने फायरिंग के पीछे गैंगस्टरों का हाथ होने की आशंका जताई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि यह वारदात रंगदारी या आपसी गैंग रंजिश से जुड़ी हो सकती है। अब आरोपी अमन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस पूरे नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों और साजिश में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।