कांगड़ा पुलिस ने एक नशा तस्कर को पकड़ा:घर से 12.18 ग्राम चिट्टा, ट्रामाडोल कैप्सूल और नकदी बरामद

कांगड़ा पुलिस ने बुधवार सुबह एक नशा तस्कर शेरू राम को उसके तरसूह स्थित घर से गिरफ्तार किया। शेरू राम सरूप कुमार का पुत्र है और तरसूह, डाकघर सकोट, तहसील व जिला कांगड़ा का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से 12.18 ग्राम चिट्टा, कुछ ट्रामाडोल कैप्सूल और 42,150 रुपए नकद बरामद किए। कांगड़ा जिला पुलिस की सीआईए टीम ने बुधवार सुबह शेरू राम के तरसूह स्थित मकान पर दबिश दी। पुलिस बल को देखते ही शेरू राम ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे तुरंत काबू कर लिया। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान शेरू राम के घर में पड़े एक बेड और मकान के बाहर बने मंदिर से कुल 12.18 ग्राम चिट्टा और कुछ ट्रामाडोल कैप्सूल मिले। इसके साथ ही पुलिस ने 42,150 रुपए नकद भी बरामद किए। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों के सामने चिट्टा, कैप्सूल और नकदी को कब्जे में लिया। शेरू राम के खिलाफ एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कांगड़ा शहर में पवन, रौली, निक्का और मामू जैसे बड़े नशा तस्करों की गिरफ्तारी के बाद शेरू राम की गिरफ्तारी को कांगड़ा पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। ये सभी नशा तस्कर कांगड़ा शहर के युवाओं को अपना शिकार बनाते थे और अवैध तरीके से पैसे कमा रहे थे। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अब नशा तस्करों पर दोहरा प्रहार करते हुए उनकी चल और अचल संपत्ति को भी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शेरू राम के खिलाफ कांगड़ा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस रिमांड मिलने पर यह पता लगाया जाएगा कि इस मामले में शेरू राम के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, और उन्हें भी कानून के तहत केस में शामिल किया जाएगा। गौरतलब है कि शेरू राम कबाड़ का काम करता है और उसके खिलाफ पहले भी नशे से संबंधित मामले दर्ज हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *