एकमा स्टेशन पर बूम बैरियर टूटकर ट्रैक पर गिरा:तेज आंधी के कारण टूटा, मौर्य एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल अंतर्गत छपरा-सिवान रेलखंड पर एकमा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी ढाला (68 बी) पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। तेज आंधी और बारिश के कारण रेलवे फाटक का बूम बैरियर टूटकर ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) लाइन पर गिर गया, जिससे रेल परिचालन बाधित हो गया। मौके की तस्वीरें देखिए…. तेज हवाओं के कारण बूम बैरियर अचानक टूटकर रेलवे की विद्युत लाइन पर जा गिरा। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई तकनीकी सिस्टम प्रभावित हुए। घटना की जानकारी मिलते ही गेटमैन ने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचित किया। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। स्टेशन मास्टर जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस दौरान अप मौर्य एक्सप्रेस लगभग एक घंटे तक एकमा स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। दरभंगा-दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस और वैशाली एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का परिचालन भी कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। एकमा और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर भी कई ट्रेनों को रोकना पड़ा। सूचना मिलने पर स्टेशन मास्टर के निर्देश पर तकनीशियनों की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने क्षतिग्रस्त तार और अन्य तकनीकी सिस्टम की मरम्मत शुरू की। गेटमैन के अनुसार, तेज आंधी के कारण ही बूम बैरियर टूटकर विद्युत तार पर गिरा था। मरम्मत कार्य दोपहर बाद शाम तक पूरा हो गया, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गई और रेल परिचालन पुनः शुरू कराया गया। गेटमैन अनुराग कश्यप ने बताया कि शुरुआत में गाड़ियों को सावधानीपूर्वक धीमी गति से पार कराया गया। इस घटना के दौरान रेलवे गुमटी के पास वाहनों की लंबी कतारें भी लग गईं। रेलवे की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *