लुधियाना के आत्म पार्क इलाके में घर में काम करने के लिए रखा गया युवक नकदी और सोने-चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गया। घटना उस समय हुई जब परिवार रिश्तेदार के फंक्शन में गया हुआ था। नौकर को कुछ दिन पहले ही परिवार ने काम पर रखा था। घटना के तुरंत बाद पारिवारिक सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 23 अप्रैल को काम पर रखा था नौकर
पुलिस को दी शिकायत में आत्म पार्क निवासी लवनीश अरोड़ा ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को उनकी पत्नी शायना अरोड़ा ने अपने जानकार सचिन पुत्र गुलाब को फोन कर घर में काम के लिए एक वर्कर भेजने को कहा था। इसके बाद 23 अप्रैल को सचिन ने लवकुश नामक युवक को उनके घर काम करने के लिए भेज दिया। 3 मई की रात घर की नौकर ने वारदात
शिकायतकर्ता के अनुसार, 3 मई की रात वह अपने परिवार सहित एक रिश्तेदार के फंक्शन में गए हुए थे। घर पर केवल लवकुश मौजूद था। जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य गेट खुला मिला और लवकुश गायब था। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था। उसमें रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। परिवार ने जब अन्य कमरों की जांच की तो पता चला कि बेडरूम के ताले को तोड़ने की भी कोशिश की गई थी। इसके बाद परिवार और सचिन ने आरोपी लवकुश की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने लवनीश अरोड़ा निवासी आत्म पार्क, लुधियाना की शिकायत पर आरोपी लवकुश निवासी गांव बरोली, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।