फिरोजपुर जिले के गांव सरूप सिंह वाला के सरपंच लखविंदर सिंह की किस्मत उस समय चमक उठी, जब उन्हें पता चला कि उनकी खरीदी हुई लॉटरी पर एक करोड़ रुपए का पहला इनाम निकला है। महज 175 रुपए में खरीदे गए टिकट ने उन्हें करोड़पति बना दिया। इस खबर के सामने आते ही परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। लखविंदर सिंह ने बताया कि वह पहले भी समय-समय पर लॉटरी टिकट खरीदते रहे हैं। दो दिन पहले वह पंचायत के कुछ काम से जलालाबाद आए थे। इसी दौरान जल्दबाजी में उन्होंने शाह जी लॉटरी एजेंसी से सिक्किम स्टेट लॉटरी का टिकट खरीद लिया। टिकट खरीदने के बाद वह घरेलू काम से बाहर चले गए और टिकट के बारे में ज्यादा ध्यान नहीं दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें बताया जा रहा था कि एक करोड़ रुपए की लॉटरी का विजेता अभी तक सामने नहीं आया है। वीडियो देखने के बाद लखविंदर सिंह ने अपनी टिकट का नंबर मिलाया। जब टिकट नंबर 80B 10379 का मिलान हुआ, तो उन्हें पता चला कि वही इस लॉटरी के विजेता हैं। यह देखते ही उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने भावुक होकर अपने पिता को गले लगाया और कहा कि अब उनके परिवार के बुरे दिन खत्म हो गए हैं ।इसके बाद लखविंदर सिंह अपने परिवार और गांव के लोगों के साथ शाह जी लॉटरी एजेंसी पहुंचे। वहां ढोल की ताल पर जमकर जश्न मनाया गया और बाजार में लड्डू बांटे गए। एजेंसी संचालक मुकेश बजाज और रवि बजाज ने बताया कि 5 मई को शाम 6 बजे निकली सिक्किम स्टेट लॉटरी के 7 रुपए वाले टिकट पर यह एक करोड़ रुपए का इनाम निकला था। विजेता की तलाश की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। सरपंच लखविंदर ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए बेहद खुशी का पल है और वह इस राशि का उपयोग परिवार तथा समाज के भले के लिए करेंगे।