इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने गुरुवार को पंजाब के दो रियल एस्टेट ग्रुपों के ठिकानों पर रेड की। यह कार्रवाई फर्जी तरीके से चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) हासिल करने और जमीन मालिकों व ग्राहकों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में की गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों से करीब 1 करोड़ रुपए जब्त किए गए हैं। वहीं ED की जांच में AAP के मंत्री अमन अरोड़ा का भी नाम सामने आया। इसके बाद अरोड़ा ने सफाई दी। सुबह करीब 7 बजे ED रेड करने पहुंची। देर रात तक जारी रही। सुबह ED टीम मोहाली के खरड़ में वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आईटी सेक्टर में काम करने वाले कारोबारी के घर पहुंची। ED को आता देख पकड़े जाने के डर से रिहायशी टावर की नौवीं मंजिल से कैश से भरे 2 बैग नीचे फेंक दिए गए। जिनमें 500-500 रुपए के नोटों के बंडल भरे हुए थे। नीचे उनका ड्राइवर खड़ा था। इनमें से एक बैग नीचे गिरते ही फट गया, जिससे कुछ नोट हवा में उड़ते हुए वहीं बिखर गए। एक बैग को वहां खड़ा ड्राइवर गाड़ी में डालकर भाग निकला। ED टीम ने उसका पीछा किया। लेकिन उसे पकड़ नहीं पाई। फटा बैग ED टीम ने जब्त कर लिया। उसमें से 21 लाख रुपए मिले। इस बैग की डबल पैकिंग की गई थी। जिसमें लाल रंग के बैग को सफेद रंग के बैग में पैक किया गया था। विपक्ष ने कारोबारी का CM के OSD का करीबी बताया
वहीं रेड होते ही विरोधी दलों ने आरोप लगाया कि जिस कारोबारी नितिन गोहिल के घर रेड हुई, वह CM भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन का करीबी है। यह रुपए भी OSD के ही थे। यही है इनकी कट्टर ईमानदारी। हालांकि शुकराना यात्रा पर निकले CM ने अमृतसर में इन आरोपों को नकार दिया। उन्होंने कहा कि जिन पर ED रेड हुई, उनसे हमारा कोई संबंध नहीं। हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं है। देर शाम को ED ने प्रेस नोट जारी कर रेड को लेकर जानकारी दी। ED ने क्यों की रेड… कैसे नोट उड़े, 5 पॉइंट में जानिए टावर में रहने 4 महीने पहले आया
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोसाइटी के फ्लैट नंबर 906 में रेड हुई है। यहां रहने वाले व्यक्ति की पहचान नितिन कुमार गोहिल के रूप में हुई है, जो IT सेक्टर में कार्यरत बताया जा रहा है। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि नितिन कुमार करीब 4 महीने पहले ही यहां रहने आया था। इसलिए लोगों को भी उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। रोजाना कूरियर आते थे
सोसाइटी के लोगों के अनुसार नितिन कुमार के फ्लैट पर रोजाना बड़ी संख्या में कूरियर आते थे, जिन्हें अधिकतर उसका ड्राइवर ही रिसीव करता था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ED ने मोहाली और चंडीगढ़ में 12 जगहों पर दबिश दी है। ED रेड पर विरोधी दलों के नेताओं ने क्या कहा… AAP सांसद बोले- मजीठिया से पूछकर रेड हुई क्या?
मजीठिया की पोस्ट का जवाब देते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने दिल्ली में कहा कि बिक्रम मजीठिया से पूछकर रेड की गई क्या है? इसका मतलब है कि मजीठिया आजकल केंद्र सरकार को खबर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें तो पता नहीं है किसके यहां रेड पड़ी है, किस मामले में कार्रवाई हुई है? इसका मतलब तो यह है कि BJP, कांग्रेस और अकाली दल मिलकर साजिश रच रहे हैं। इस बारे में जल्दी ही सब स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि AAP वह पार्टी है, जिसने अपने आदमी भी नहीं बख्शे हैं।