वाराणसी में दुल्हन बोली- प्रेमी को छोड़ दो, मुझे मारो:शादी में पहुंचा, तो लोगों ने पीटा; प्रेमिका स्टेज से भागकर आई और बचाया

वाराणसी में गुरुवार रात शादी के जयमाल में दुल्हन का प्रेमी पहुंच गया। उसे देखते ही गांव वाले उसकी पिटाई करने लगे। तभी दुल्हन स्टेज से दौड़कर आई। लड़के को बचाते हुए उसके सामने खड़ी हो गई। बोली- कोई मेरे पवन को छुना भी मत, मारना है तो मुझे मारो। दुल्हन की बात सुनते ही वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। घटना के बाद दूल्हा बिना शादी किए बारात वापस लेकर लौट गया। पुलिस चौकी में घंटों पंचायत चली। लड़की की शादी उसके प्रेमी से कराने पर सहमति बनी। इसके बाद शुक्रवार शाम 5 बजे दोनों की शादी कराई गई। मामला लोहता थाना क्षेत्र के छीतौनी गांव का है। अब पढ़िए पूरा मामला… छीतौनी गांव निवासी पारस राजभर ने अपनी बेटी की शादी रोहित कुमार के साथ तय की थी। गुरुवार रात बारात गांव पहुंची और शादी की रस्में शुरू हुईं। जयमाल की तैयारी चल रही थी, तभी भटौली निवासी पवन राजभर अचानक शादी में पहुंच गया। परिजनों ने बताया कि पवन ने दुल्हन से शादी करने की जिद शुरू कर दी। यह देखते ही माहौल बिगड़ गया और गांव वालों ने उसकी पिटाई कर दी। इस बीच दुल्हन स्टेज छोड़कर मौके पर पहुंची। दुल्हन की बात सुनते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। मामला बढ़ता देख दूल्हा पक्ष नाराज हो गया और बिना शादी किए बारात लेकर लौट गया। पुलिस चौकी में चली पंचायत
घटना के बाद दोनों पक्ष कोटवां चौकी पहुंचे। लड़की के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि पवन राजभर ने शादी में पहुंचकर कार्यक्रम बिगाड़ दिया, जिससे परिवार को सामाजिक और आर्थिक नुकसान हुआ है। लड़की और पवन ने पुलिस को संयुक्त प्रार्थना पत्र देकर बताया- उनका लंबे समय से अफेयर है। वह अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं। लड़की की शादी उसकी इच्छा के खिलाफ कराई जा रही थी। पिता ने आरोप लगाया कि लड़के ने जबरन शादी रुकवाई है और इस हरकत से समाज में उनकी बदनामी हुई है। युवती और उसके प्रेमी ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वे 6 सालों से एक-दूसरे के साथ हैं। लड़की ने कहा- मेरे परिवार वाले मेरी इच्छा के खिलाफ मेरी शादी करवा रहे थे। मंदिर में हुई शादी
कोटवां चौकी प्रभारी मोहम्मद परवेज ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। बातचीत के बाद परिवार वाले लड़की की शादी उसके प्रेमी से कराने के लिए तैयार हो गए। शुक्रवार को दोनों की मंदिर में शादी कराई गई, जबकि 11 मई 2026 को कोर्ट मैरिज होगी। थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय ने बताया- पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से फैसला लिया है। अब दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई है। उनकी शादी करा दी गई है। ————————– ये खबर भी पढ़ें आंधी-बारिश में ताजमहल के पत्थर टूटकर गिर रहे:दीवारों में दरारें, रॉयल गेट भी बदहाल; पूर्व इंचार्ज बोले- अब ASI ठेकेदारों के भरोसे ताजमहल करीब 373 साल पुराना हो चुका है। दुनिया की सबसे खूबसूरत इमारतों में शामिल इस स्मारक के रॉयल गेट (शाही दरवाजा) के पत्थर अब दरकने लगे हैं। दरवाजे की दीवारों में कई जगह दरारें आ गई हैं। कुछ पत्थर अपनी जगह से खिसक चुके हैं। हालात ऐसे हैं कि शाही गेट अब आंधी और बारिश भी नहीं झेल पा रहा। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *