हांसी पुलिस ने पकड़ा पंजाब का लुटेरा:गर्दन पर पिस्टल रखकर नकदी लूटी, मोबाइल और दस्तावेज छीने, 4 पहले ही पकडे़ जा चुके

हांसी में पुलिस ने पिस्तौल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के बाद फरार चल रहे आरोपी को दबोचा। पुलिस चौकी सिसाय पुल में तैनात उपनिरीक्षक शिवप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से वारदात स्थल की निशानदेही भी करवाई है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अनिल कुमार निवासी थाना सदर क्षेत्र हांसी ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहा था। अमन होटल बाइपास सैनीपुरा के पास पहुंचने पर उसके पीछे तीन बाइको पर सवार करीब 8 से 9 युवक लग गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पुल के ऊपर पहुंचते ही आरोपियों ने चलती बाइक पर उसकी गर्दन पर पिस्तौल तान दी और बाइक रोकने की धमकी दी। जान के डर से उसने मोटरसाइकिल रोक दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 4600 रुपए, जरूरी दस्तावेज और मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। लगातार दबिश किे बाद पकड़ में आया आरोपी मामले की सूचना मिलने पर थाना शहर हांसी में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और लगातार दबिश के दौरान आरोपी गोविंद निवासी पुच्चो कलां, जिला भटिंडा (पंजाब) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे बरामदगी भी की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *