अररिया में 12,800 स्कूली बच्चों का फाइलेरिया टेस्ट:320 स्कूलों में होगा TAS-1 सर्वे, मई तक पूरा करने का लक्ष्य

अररिया में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ट्रांसमिशन एसेसमेंट सर्वे-1 (TAS-1) को लेकर जिला टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में TAS-1 सर्वे कराने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी को बताया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में लगभग 320 स्कूलों को चिन्हित किया गया है। इन स्कूलों में कुल 12,800 स्कूली बच्चों का फाइलेरिया ट्रांसमिशन टेस्ट FTS किट के माध्यम से किया जाएगा। यह सर्वे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दिशानिर्देशों के अनुसार होगा। 20,000 व्यक्तियों के होगी जांच बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पूर्व में जिले में 20,000 व्यक्तियों के रेंडम ब्लड सैंपल की जांच की गई थी, जिसमें फाइलेरिया की स्थिति संतोषजनक पाई गई थी। अब स्कूली बच्चों के माध्यम से TAS-1 सर्वे किया जा रहा है। सर्वे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सभी ब्लॉकों के स्कूलों की सूची भी तैयार कर ली गई है। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने सर्वे के सफल और समयबद्ध संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि यह सर्वे गर्मी की छुट्टियों से पहले, यानी मई माह में ही पूरा कर लिया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को सर्वे में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। अधिकारियों को लापरवाही न बरतने की दी चेतावनी जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सर्वे के दौरान गुणवत्ता बनाए रखते हुए लक्षित बच्चों का परीक्षण किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी। बैठक में उप विकास आयुक्त अररिया, सिविल सर्जन अररिया, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम प्रबंधक (स्वास्थ्य), जिला प्रोग्राम प्रबंधक (जीविका), पिरामल स्वास्थ्य संस्थान और यूनिसेफ के जिला प्रतिनिधि सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। इस सर्वे को जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ TAS-1 सर्वे को पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *