बहादुरगढ़ में मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला:दो गाड़ियां में सवार होकर आए बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर में अपराधियों के हौंसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शनिवार देर रात लाइनपार इलाके के विकास नगर चौक के पास हथियारों से लैस अज्ञात बदमाशों ने एक मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला कर दिया। बदमाश स्कॉर्पियो और नेक्सन गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने आते ही मेडिकल स्टोर संचालक को घेर लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है। पीड़ित ने नोट किया गाड़ी का नंबर हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए नेक्सन गाड़ी का नंबर नोट कर लिया और थाना लाइनपार पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। थाना लाइनपार पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही गुंडागर्दी से आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *