फरीदकोट जिले के जैतो में एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने और उसके पति द्वारा सबूत मिटाने की नीयत से जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद थाना जैतो पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्ष्मी को मानसिक रूप से परेशान करता था पति पुलिस को दी शिकायत में फैजाबाद उत्तर प्रदेश के गांव कर्मा कंडोरी निवासी विष्णु कुमार ने बताया कि उसकी बड़ी बहन लक्ष्मी (25) की शादी करीब एक वर्ष पहले 17 मई, 2025 को जैतो के गौशाला रोड निवासी समीर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही समीर उसकी बहन को मानसिक रूप से परेशान करता था और उसे मायके वालों से मिलने भी नहीं देता था। 7 मई को हुई थी घटना शिकायतकर्ता के अनुसार तीन दिन पहले 7 मई को उन्हें सूचना मिली कि लक्ष्मी की अचानक मौत हो गई है। जब परिवार जैतो पहुंचा तो उन्हें पता चला कि लक्ष्मी ने 6 मई को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी और उसके पति समीर ने मामले के सबूत मिटाने की नीयत से उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है: जांच अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे थाना जैतो के एएसआई गुरमुख सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति समीर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।