लुधियाना में कारोबारी से ₹1 करोड़ की रंगदारी मांगी:जान से मारने की धमकी दी, पुराने केस की रंजिश; राजस्थान के बाप-बेटे पर FIR

लुधियाना में खाद्य तेल कारोबारी विनय माहेश्वरी से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर-3 पुलिस ने राजस्थान के हनुमानगढ़ टाउन निवासी महावीर प्रसाद स्कीची, उसके बेटे संजय स्कीची और एक अज्ञात साथी के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(3) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। पंजाबभर में सप्लाई करता है तेल विनय माहेश्वरी ने पुलिस को बताया कि वह लुधियाना के इकबाल गंज चौक इलाके में रहते हैं और खाद्य तेल का कारोबार करते हैं। उनकी सप्लाई पूरे पंजाब में जाती है। माहेश्वरी के मुताबिक उन्होंने पहले भी महावीर प्रसाद स्कीची और उसके बेटे संजय के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 17 अप्रैल को उन्हें फोन पर धमकियां दीं और मामला खत्म करने के लिए 1 करोड़ रुपए की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *