पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:कपूरथला में युवक की हत्या; लुधियाना में 7वीं के स्टूडेंट ने किया सुसाइड, बरनाला की फैक्ट्री में धमाका

कपूरथला के बेगोवाल में तेजधार हथियारों से हमला कर युवक की हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही बेगोवाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हरप्रीत सिंह निवासी बालापीर, बेगोवाल के रूप में हुई है। बेगोवाल के पार्क के नजदीक कुछ युवकों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान हरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेगोवाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जालंधर रेफर कर दिया। हालांकि, हरप्रीत ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डीएसपी गगनदीप सिंह घुम्मन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) चंडीगढ़ में युवती ने फंदा लगाकर किया सुसाइड, कमरे में जाकर पंखे से बांधी चुन्नी चंडीगढ़ के सारंगपुर में एक लड़की ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता चलते ही परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए पीजीआई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान किटी के रूप में हुई है। वह 19 साल की थी और उसने हाल ही में सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी थी। उसका रिजल्ट आना बाकी था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में 7वीं के स्टूडेंट ने किया सुसाइड लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित रॉयल कॉलोनी में 7वीं कक्षा के स्टूडेंट ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। वह 4 भाइयों में सबसे छोटा था। जानकारी के अनुसार रवि जैन पब्लिक स्कूल का छात्र था। घटना वाले दिन दोपहर करीब 3 बजे उसके पिता गंगाराम जो स्टीम प्रेस का काम करते हैं खाना खाकर काम पर गए थे। सोमवार देर रात करीब 11 बजे जब पिता वापस आए तो रवि बाहर खेल रहा था। उस दौरान रवि ने अपने पिता से मोबाइल खराब होने की बात भी कही थी। कुछ देर बाद जब पिता फिर से बाहर किसी काम से गए तो पीछे से रवि घर के अंदर दाखिल हुआ और लोहे की पाइप के सहारे चुन्नी से फंदा लगाकर लटक गया। (पढ़ें पूरी खबर) AAP मंत्री अरोड़ा को हाईकोर्ट से झटका पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया था। अपनी गिरफ्तारी और रिमांड को चुनौती देते हुए उन्होंने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन फिलहाल उन्हें कोई राहत नहीं मिली। अब मामले की अगली सुनवाई 14 मई को होगी। ED ने संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर छापा मारा था। इसके बाद शनिवार शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसी रात उन्हें गुरुग्राम की विशेष PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने ED की दलीलें सुनने के बाद संजीव अरोड़ा को 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया। उनकी रिमांड 16 मई तक रहेगी। (पढ़ें पूरी खबर) बरनाला में फैक्ट्री में जोरदार धमाका, दूर तक सुनाई दी आवाज, लोहे की चादरें उछलकर गिरीं बरनाला जिले में फतेहगढ़-छन्ना रोड पर स्थित आईओएल फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दूर-दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री की लोहे की चादरें और अन्य सामान काफी ऊंचाई तक उछलकर दूर जा गिरा। घटना के बाद फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। धमाके का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। (पूरी खबर पढ़ें) संगरूर में खड़े ट्रक से टकराई कार, 2 की मौत, 5 घायल संगरूर जिले में लहरागागा-पातड़ां रोड पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार कार में कुल 7 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान लहरागागा निवासी आकाशदीप पसरीजा और हरियाऊ खुर्द पातड़ां निवासी जज्जवीर सिंह के रूप में हुई है। घायलों में दियोगढ़ थाना पातड़ां निवासी हरप्रीत सिंह, पातड़ां निवासी राहुल और दियोगढ़ निवासी करणजीत सिंह शामिल हैं। (पढ़ें पूरी खबर) MP हरभजन की सिक्योरिटी पर सरकार से जबाव तलब, हाईकोर्ट ने 3 हफ्ते का दिया समय भाजपा के राज्यसभा सांसद व क्रिकेटर हरभजन सिंह की सुरक्षा मामले की सुनवाई आज पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में हुई। मामले में जवाब दाखिल करने के लिए राज्य सरकार ने 3 सप्ताह का समय मांगा, जिसे अदालत ने स्वीकार कर दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने पंजाब सरकार से पूछा कि पंजाब पुलिस किन अधिकारियों और लोगों को सुरक्षा प्रदान कर रही है। राज्य के भीतर और राज्य से बाहर सुरक्षा देने के लिए क्या मानदंड तय किए गए हैं। इस संबंधी सारा जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर में भारत-पाक बॉर्डर के पास युवक पकड़ा, फेंसिंग के नजदीक घूम रहा था अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। यह घटना अमृतसर ग्रामीण जिले के थाना रमदास क्षेत्र के अंतर्गत बीओपी दरिया मनसूर के पास हुई। 117वीं बटालियन बीएसएफ के जवान सीमा पर नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा की फेंसिंग के नजदीक एक व्यक्ति को संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा। उसकी गतिविधियां सामान्य नहीं लग रही थीं, जिसके बाद जवानों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे रुकने का इशारा किया। कुछ ही देर में उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)
लुधियाना फैक्ट्री ब्लास्ट में घायल युवती की मौत, परिवार का पोस्टमार्टम करने से किया इनकार लुधियाना के दोराहा क्षेत्र में स्क्रैप फैक्ट्री में हुए धमाके और आगजनी की घटना में घायल युवती अंजली (21) की इलाज के दौरान मौत हो गई है। अंजली पिछले 15 दिनों से एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी। वह लुधियाना के घोड़ा कॉलोनी मिलरगंज की निवासी थी। यह घटना 25 अप्रैल की शाम दोराहा-पायल रोड पर गांव बिशनपुरा के पास स्थित एक स्टील फैक्ट्री में हुई थी। अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया था। प्रारंभिक जांच में धमाके का कारण फैक्ट्री के अंदर बॉयलर का फटना बताया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि करने की बात कही है। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई कर्मचारी काम कर रहे थे, जो झुलस गए थे। इनमें अंजली भी गंभीर रूप से घायल हुई थी और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। (पढ़ें पूरी खबर)
मानहानि केस में सुखबीर बादल चंडीगढ़ कोर्ट में पेश, 8 साल पुराने मामले में हुई सुनवाई
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल मंगलवार को 8 साल पुराने मानहानि मामले में चंडीगढ़ जिला अदालत में पेश हुए। मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने अदालत में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इससे पहले उनकी ओर से पेशी से छूट की अर्जी दायर की गई थी, जिसमें पारिवारिक कारणों से पंजाब से बाहर होने का हवाला दिया गया था। हालांकि बाद में वह अदालत पहुंच गए और सुनवाई में शामिल हुए। यह मामला वर्ष 2017 का है। अखंड कीर्तनी जत्था के प्रवक्ता और मोहाली निवासी राजिंदर पाल सिंह ने सुखबीर बादल के खिलाफ चंडीगढ़ जिला अदालत में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत भारतीय दंड संहिता की धारा 499 के तहत दायर की गई थी। शिकायत के मुताबिक, 4 जनवरी 2017 को दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के राजिंदर पाल सिंह के आवास पर जाने के बाद सुखबीर बादल ने मीडिया में बयान दिया था। आरोप है कि उन्होंने अखंड कीर्तनी जत्था को प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल का राजनीतिक मोर्चा बताया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस बयान से संगठन की छवि और प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *