भास्कर न्यूज | जालंधर किशनगढ़ स्थित एसबीआई के एटीएम को तोड़ने की कोशिश करने वाले तीन आरोपी पुलिस ने पकड़े है। पुलिस ने यह आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चेहरे के जरिये ट्रेस किए थे। पुलिस कंवलजीत सिंह निवासी शेखूपुर ( कपूरथला), गुरप्रीत सिंह उर्फ सोनू निवासी कबीर मस्तान, (सुल्तानपुर लोधी) और हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी निवासी गांव पुवारां ( लांबड़ा) से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने इन से सफेद इंडिका कार 1 लोहे की रॉड और 1 दातर बरामद किया है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि 9 मई 2026 को अभिषेक सिंह निवासी काकी पिंड ने कहा था कि वह कंपनी में एटीएम-एमएसपी (मैनेजिंग सर्विस प्रोवाइडर) के रूप में काम करता है और इलाके में स्थित एसबीआई के एटीएम की देखभाल करता है। उसने बताया कि 1/2 मई 2026 की रात को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा किशनगढ़ स्थित एसबीआई के एटीएम को तोड़ने की कोशिश की गई और नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दोषियों की पहचान की गई। पुलिस ने मामला ट्रेस कर उक्त आरोपी पकड़े है।