‌BJP ने निगम चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया:मंडी को आधुनिक और सुरक्षित शहर बनाने का दावा; पर्यटन विकास पर विशेष जोर

भाजपा ने बुधवार को मंडी नगर निगम चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया। पार्टी ने मंडी को एक आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने का दावा किया है, जिसमें पर्यटन विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा। भाजपा नेता एवं विधायक अनिल शर्मा ने इस संकल्प पत्र को मंडी शहर के समग्र विकास का विजन डॉक्यूमेंट बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य मंडी को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करना है। इस अवसर पर मंडी नगर निगम भाजपा संकल्प पत्र प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम में विधायक इंद्र सिंह गांधी, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, जिला अध्यक्ष निहाल चंद, पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट और मीडिया प्रभारी राकेश वालिया सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। नगर निगम का गठन जयराम ठाकुर के प्रयासों से हुआ संभव अनिल शर्मा ने बताया कि मंडी नगर निगम का गठन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों से संभव हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नगर निगम संसाधनों और स्टाफ की भारी कमी से जूझ रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार के समय हुए प्रमुख विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। इनमें इंदिरा मार्केट का निर्माण, सीवरेज विस्तार, ओहल पेयजल योजना, सड़क चौड़ीकरण और पार्किंग निर्माण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 2025 की आपदा के बाद 138 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना को भी स्वीकृति दिलाई गई थी। महिला सुरक्षा, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंध का प्रस्ताव भाजपा के संकल्प पत्र में महिला सुरक्षा, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग सुविधाओं में सुधार और पर्यटन विकास को प्राथमिकता दी गई है। शहर में एआई आधारित हाई रेजोल्यूशन सीसीटीवी नेटवर्क और स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव है। अन्य प्रस्तावित योजनाओं में पिंक टॉयलेट, आपदा प्रबंधन और अर्ली वार्निंग सिस्टम शामिल हैं। भाजपा का लक्ष्य मंडी को “शिव नगरी” और एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए बाईपास बनेगा अनिल शर्मा ने कहा कि शिवधाम परियोजना, रिवर फ्रंट विकास, हाई स्पीड एलिवेटर और विरासत संरक्षण योजनाओं के माध्यम से मंडी को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई जाएगी। ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए बाईपास, इंटरसेप्ट पार्किंग हब और बहुमंजिला पार्किंग परियोजनाओं पर काम करने की बात कही गई है। युवाओं के लिए मुफ्त वाई-फाई, आधुनिक पुस्तकालय, स्वच्छ मंडी अभियान और डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन जैसी योजनाएं भी संकल्प पत्र का हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *