राव इंद्रजीत सिंह का विपक्ष पर हमला:बोले-रेवाड़ी-धारूहेड़ा की जीत कड़ी टक्कर बताने वालों के मुंह पर तमाचा, कुछ गलत किया तो खींचूंगा टांग

रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवारों को मिली जीत पर केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि यह पूरे संगठन की जीत है। जनता ने हम पर उम्मीद से अधिक भरोसा किया है। उस भरोसे पर खरा उतरना अब इन चुने हुए प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मेरा तीन साल का कार्यकाल बचा है और मैं जनता की उम्मीदों से कोई समझौता नहीं होने दूंगा। जब भी मुझे लगा कुछ गलत लगा तो बड़े होने के नाते टांग खींचने से नहीं हिचकूंगा। अफसरशाही अब बिल्कुल नहीं चलेगी केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शहर में जो भी समस्याएं हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। अफसरशाही अब बिल्कुल नहीं चलेगी। पार्टी में भितरीघात के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की आदत भूत जैसी होती है, जो कभी छोड़ नहीं सकते। रेवाड़ी और धारूहेड़ा में मिली बड़ी जीत कड़ी टक्कर बताने वालों के मुंह पर तमाजा है। उन्होंने कहा कि उकलाना को छोड़ सभी जगह भाजपा को जीत मिली है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि जनता में आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी और मुख्यमंत्री के नाम का सिक्का चल रहा है। रेवाड़ी की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन विनिता पीपल, धारूहेड़ा के नवनिर्वाचित चेयरमैन अजय जांगड़ा और पार्षदों की मौजूदगी में रामपुरा हाउस में उन्होंने यह बात कही। भाजपा ने मुझे तीन बार टिकट दिया भाजपा में राव एंटी राव की चर्चाओं का जवाब देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा ने मुझे 3 बार सांसद का टिकट दिया। तीनों बार मैं भाजपा की टिकट पर चुनाव जीता। अब आप ही बताएं क्या मैं भाजपा का नहीं हूं। रेवाड़ी और धारूहेड़ा में विधायकों सहित हमारी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने एकजुटता से काम किया। जिस कारण हम उम्मीद से अधिक वोटों से जीत दर्ज कर पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज आए निकाय चुनावों के नतीजों ने यह बता दिया कि हरियाणा में चौथी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी। आरती बोलीं- बंगाल जैसा प्रदर्शन स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि प्रदेश में आज आए निकाय चुनाव के नतीजों में भाजपा ने हरियाणा में भी पश्चिमी बंगाल वाले प्रदर्शन को दोहराया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान भी 5 राज्यों के चुनाव नतीजे आने के बाद यह बात कही थी। जिसे रेवाड़ी और धारूहेड़ा ही नहीं, प्रदेश की जनता ने सच साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी से आने वाले गंदे पानी को रोकने के लिए राजस्थान सरकार से मिलकर काम कर रहे हैं। राजस्थान सरकार ने ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। हमें पूरा विश्वास है कि दोनों प्रदेशों की भाजपा सरकार मिलकर इस समस्या का स्थाई समाधान निकाल लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *